Meghalaya: इस वक्त की बड़ी खबर मेघालय से सामने आ रही है, जहां बड़ी राजनीतिक उथल-पुथल देखने को मिल रही है. यहां 12 में से आठ मंत्रियों ने मंगलवार को अचानक इस्तीफा दे दिया. सबसे खास बात, इनमें से ज्यादातर सरकार के सीनियर नेता हैं. एनपीपी के नेतृत्व वाली मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस सरकार के प्रमुख और राज्य के सीएम कोनराड के संगमा की मौजूदगी में सभी मंत्रियों ने राज्यपाल को इस्तीफे सौंपे. इसके पीछे कैबिनेट पुर्नगठन है. नए लोग मंत्री बनाए जाएंगे.
सीएम ने राज्यपाल से की मुलाकात
अधिकारियों ने बताया कि एनपीपी नीत मेघालय डेमोक्रेटिक अलायंस सरकार के प्रमुख मुख्यमंत्री कोनराड के. संगमा ने यहां राजभवन में राज्यपाल सी एच विजयशंकर से मुलाकात की और मंत्रियों के इस्तीफे सौंपे. एक अधिकारी ने बताया कि नए मंत्रियों को मंगलवार शाम पांच बजे राजभवन में शपथ दिलाई जाएगी.
इस्तीफा देने वाले मंत्रियों की सूची
- एनपीपी से: अम्पारीन लिंगदोह, कॉमिंगोन यम्बोन, रक्कम ए. संगमा, अबू ताहिर मंडल
- यूडीपी (यूनाइटेड डेमोक्रेटिक पार्टी) से: पॉल लिंगदोह, किरमेन शायला
- एचएसपीडीपी (हिल स्टेट पीपुल्स डेमोक्रेटिक पार्टी) से: शकलियार वारजरी
- भाजपा से: ए एल हेक
ये नेता ले सकते हैं शपथ
पार्टी सूत्रों के मुताबिक, एनपीपी विधायक वैलादमिकी शायला, सोस्थनीस सोहतुन, ब्रेनिंग ए. संगमा और टिमोथी डी शिरा मंत्रिमंडल में शामिल होंगे. उन्होंने बताया कि यूडीपी प्रमुख मेतबाह लिंगदोह और पूर्व मंत्री लखमेन रिम्बुई के शपथ लेने की भी संभावना है. सूत्रों ने बताया कि एचएसपीडीपी विधायक मेथोडियस दखार मंत्रिमंडल में शकलियार वारजरी की जगह लेंगे, जबकि भाजपा के सनबोर शुल्लई मंत्रिमंडल में एएल हेक की जगह लेंगे.
इसे भी पढ़ें:-तनाव हर बीमारी की जड़ और खुशी हर बीमारी का इलाज, जानिए खुश रखने का आसान तरीका