कर्मचारी नेता स्‍व. डीएन सिंह को छठवीं पुण्यतिथि पर दी गई श्रद्धांजलि‍

गाजीपुर। राज्य कर्मचारियों के लिए वे हमेशा प्रेरणा के स्रोत रहेंगे। वे अमर है और रहेंगे। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष, संगठन मंत्री और सिंचाई संघ के प्रदेश चेयरमैन रहे डीएन सिंह की छठवीं पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्हें नमन किया गया। श्रमिक उत्थान समिति के तत्वावधान में रविवार को फुल्लनपुर स्थित आवास पर आयोजित कार्यक्रम में उनके तैल चित्र पर पुष्प चढ़ाकर शुभारंभ किया गया। पुण्यतिथि के अवसर पर सोशल डिस्टेंसिंग का भी ध्यान रखा गया। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के संरक्षक अरविंद नाथ राय ने उनके व्यक्तित्व पर प्रकाश डाला और कहा कि स्व. डीएन सिंह जैसा कर्मचारी नेता नही मिलेगा। वह अपने व्यक्तित्व के बल पर कर्मचारियों को बिना लड़ाई के अनगिनत उपलब्धियां दिलाई हैं। कर्मचारी समाज सदैव डीएन सिंह का ऋणी रहेगा। श्रमिक उत्थान समिति के अध्यक्ष चौधरी दिनेश चंद्र राय ने कहा कि डीएन सिंह के कर्मचारी संघर्ष का इतिहास हमेशा याद किया जाएगा। डीएन सिंह हमारे आदर्श थे और हमेशा रहेंगे। कर्मचारी संगठनों को आगाह करते हुए कहा कि यह हमारी चूक है कि हम उनके योगदान को संकलित और संग्रहित नहीं कर सके। जिसका परिणाम अब देखने को मिल रहा है। इस मौके पर बालेन्द्र त्रिपाठी ने कहा कि नलकूप विभाग से जुड़े हजारों कर्मचारियों को राज्य कर्मचारियों के समान वेतन भत्ते दिलाने में डीएन सिंह ने जो सशक्त आंदोलन किया था वह आज भी कर्मचारी संगठनों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। ऐसे में कर्मचारियों का संगठित होना ही उनको सच्ची श्रद्धांजलि होगी। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद मण्डल अध्यक्ष डीएस राय ने उन्हें संगठन का भीष्म पितामह बताते हुए कहा कि बड़े भाई में सदैव धर्म और कर्म, प्रेम की झलक दिखाई देती थी। जो भी साथी इनके मार्ग पर चलते थे। उनका यही संदेश था कि मै छोड़े और जी धारण करे। राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद के जिलाध्यक्ष दुर्गेश श्रीवास्तव ने कहा कि कर्मचारी एकता को बनाए रखना सभी का कर्तव्य है। इस बूते हर लड़ाई जीती जा सकती है। हम सभी को डीएन सिंह के बताए रास्ते पर चलते हुए संगठन की मजबूती बनाए रखना होगा। माध्यमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष नारायण उपाध्याय ने कहा कि वे पथ-प्रदर्शक व कर्मचारियों के हित में हमेशा संघर्ष करने वाले व्यक्तित्व के पदाधिकारी थे। कार्यक्रम में इंजिनीयर शिवशंकर राय, डॉ प्रह्लाद राय, श्रीनिवास चौबे, अंतु गुप्ता, उपेन्द्र राय, अजय कुमार सिंह, आलोक राय, रविन्द्र तिवारी, अभय सिंह, रमाकांत राम, विपिन कुमार सिंह, राजवीर सिंह, गायत्री सिंह, राजीव कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *