टोक्यो ओलंपिक के लिए बनारस के लाल ललित उपाध्याय का हुआ चयन

वाराणसी। हॉकी इंडिया ने शुक्रवार को टोक्यो ओलिंपिक के लिए 16 सदस्यीय पुरुष टीम का ऐलान कर दिया। टीम में अनुभवी और नए खिलाड़ियों का मिश्रण हैं। बनारस के ललित उपाध्याय को भी ओलंपिक जाने वाली टीम में पहली बार जगह दी गई है। टीम में 10 ऐसे खिलाड़ी शामिल हैं जो पहली बार ओलिंपिक में खेलेंगे, वहीं छह अनुभवी खिलाड़ी भी हैं। ललित के चयन से वाराणसी के खिलाड़ियों में खुशी की लहर है। ललित उपाध्याय ने बताया कि वह ओलंपिक में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने कहा कि उन्हें पता है कि ओलंपिक में देश का प्रतिनिधित्व करने के क्या मायने होते हैं। अब हम उसी जोश के साथ अभ्यास करते रहेंगे और एक ईकाई के रूप में टोक्यो में देश का नाम रौशन करेंगे। भारतीय टीम पूल ए में जिसमें उसके साथ मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना मौजूद है। इसके अलावा इस ग्रुप में ऑस्ट्रेलिया, न्यूजीलैंड, स्पेन और मेजबान जापान भी शामिल है। शिवपुर क्षेत्र के छोटे से गांव भगतपुर से निकले ललित ने यूपी कॉलेज में परमानंद मिश्रा से हॉकी की एबीसीडी सीखी और अब तक 200 से अधिक अंतरराष्ट्रीय मैच खेल चुके हैं। ओलंपियन मोहम्मद शाहिद, विवेक सिंह (दोनो स्वर्गीय) और राहुल सिंह ने देश दुनिया में बनारस का नाम रोशन किया। उसी कड़ी को आगे बढ़ाते हुए दो हॉकी विश्व कप में भारत का प्रतिनिधित्व कर चुके ललित उपाध्याय अब टोक्यो ओलंपिक में अपना जलवा बिखेरेंगे। ललित ने बताया कि जिस तरह से वाराणसी और उत्तर प्रदेश में हॉकी का विकास हो रहा है, निश्चय ही अगले कुछ दिनों में यहां से और अंतरराष्ट्रीय हॉकी खिलाड़ी निकलेंगे। उनका कहना है कि कभी इस बात को मन में न आने दे कि वे छोटे से शहर से हैं और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नहीं खेल सकते हैं। बस खेल, शारीरिक और मानसिक फिटनेस पर अपना ध्यान रखना चाहिए। सफलता का कोई शार्ट कट नहीं होता है। खेल का पूरा आनंद उठाना चाहिए जब आपको खेलने में खुशी होगी तो प्रदर्शन अपने आप बेहतरीन होगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *