आगरा। कोरोना की दूसरी लहर के दौरान अप्रैल में स्थगित की गई उड़ानें फिर से शुरू हो रही हैं। सोमवार को तीन महीने के बाद अहमदाबाद से आगरा के लिए विमान सेवा फिर से शुरू हो गई। इंडिगो एयरलाइंस की अहमदाबाद-आगरा उड़ान सुबह 10.10 बजे आगरा के खेरिया हवाई अड्डे पर पहुंची। 30 मिनट के बाद 10.40 बजे अहमदाबाद के लिए उड़ान रवाना हो गई। अहमदाबाद से आगरा पहले दिन 55 यात्री आए, जबकि 78 यहां से रवाना हुए। कोरोना के कारण स्थगित हुई अहमदाबाद आगरा उड़ान के पहले दिन जबरदस्त रिस्पांस रहा। अहमदाबाद फ्लाइट 3 महीने से स्थगित चल रही थी। इंडिगो एयरलाइंस की उड़ान सोमवार, बुधवार और शुकुवार को उपलब्ध रहेगी। 21 जुलाई से इंडिगो एयरलाइंस मुंबई के लिए भी अपनी फ्लाइट शुरू कर रहा है। इंडिगो ने अप्रैल में मुंबई, अहमदाबाद, भोपाल के साथ ही बंगलुरू के लिए अपनी हवाई सेवा शुरू की थी। बंगलुरू के लिए उड़ान चलती रही, लेकिन अन्य उड़ानों में यात्रियों के न होने के कारण स्थगित कर दी गई थीं। हवाई अड्डे पर उतरे यात्रियों की कोरोना जांच भी हुई।