केंद्रीय खेल मंत्री ने लॉन्च किया फिट इंडिया मोबाइल एप

नई दिल्‍ली। केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर ने रविवार को ‘फिट इंडिया मोबाइल एप’ लॉन्‍च किया। फिट इंडिया मुहिम के दो साल पूरे होने पर मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में इस कार्यक्रम का आयोजन हुआ। केंद्रीय खेल मंत्री ने इस मौके पर अपनी रस्सी कूदने की कला का भी प्रदर्शन किया। इस मौके पर केंद्रीय खेल मंत्री ने कहा कि यह एक फ्री मोबाइल एप्लिकेशन है जो फिटनेस की निगरानी में मदद करता है। इस ऐप को ‘फिट इंडिया अभियान’ के तहत लॉन्‍च किया जा रहा है। इस कार्यक्रम में अनुराग ठाकुर ने लोगों से इस ऐप को डाउनलोड करने और फिटनेस के लिए हर रोज आधा घंटा समय देने की गुजारिश की। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि दो साल पहले फिट इंडिया अभियान की शुरुआत की गई थी। इस अभियान के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सोच थी। स्‍वस्‍थ्‍य जीवन शैली के लिए फिटनेस की खुराक हर दिन आधा घंटा सभी के लिए जरूरी है। हम सभी को स्‍वस्‍थ्‍य रहने के लिए 24 घंटे में आधा घंटा समय फिटनेस के लिए निकालना चाहिए। आधे घंटे की कसरत हमें दवाओं के भारी भरकम खर्च से बचाने में मददगार होती है। ‘फिट इंडिया मोबाइल एप’ एन्ड्रायड और आइओएस पोर्टल दोनों पर ही उपलब्ध होगा। यह सामान्य स्मार्टफोन पर भी काम कर सके इस बात को ध्‍यान में रखते हुए डेवलप किया गया है। इस मौके पर केंद्रीय खेल मंत्री ने कहा कि आज भी 70 फीसद भारतीय नियमित व्यायाम नहीं करते हैं। इस एप्लिकेशन की मदद से आप निगरानी रख पाएंगे कि आपने फिट रहने के लिए कितनी मेहनत की है। इस एप के जरिए आप अपने स्‍वास्‍थ्‍य को मॉनिटर कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *