हिमाचल के हर वयस्क नागरिक को लगी टीके की पहली खुराक

नई दिल्ली। देश में कोरोना वायरस महामारी की दूसरी लहर लगभग-लगभग समाप्त हो चुकी है। इसके साथ ही टीकाकरण भी शानदार रफ्तार से आगे बढ़ रहा है। पूरे देश में सोमवार की शाम तक कुल टीकाकरण का आंकड़ा 64 करोड़ को पार कर गया था। वहीं मंगलवार को देश को अपना पहला राज्य मिल गया, जिसके हर वयस्क नागरिक को कोरोना महामारी के खिलाफ टीके की पहली खुराक लगाई जा चुकी है। यह राज्य हिमाचल प्रदेश है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा ने एक ट्वीट में इसकी जानकारी दी और प्रदेश को बधाई दी। उन्होंने लिखा कि हिमाचल देश का पहला ऐसा राज्य बन गया है, जिसके हर वयस्क नागरिक को कोरोना वैक्सीन की पहली खुराक लगाई जा चुकी है। मैं इस उपलब्धि के लिए हिमाचल प्रदेश की जनता और सरकार को बधाई देता हूं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का टीकाकरण अभियान दुनिया में सबसे तेज है। केंद्र सरकार ने अभी तक सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को कोरोना वायरस रोधी टीके की 64.36 करोड़ खुराकों की आपूर्ति की है। यह आपूर्ति मुफ्त है और प्रत्यक्ष राज्य खरीद श्रेणी के तहत की गई है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी। मंत्रालय ने कहा कि अभी 14 लाख 94 हजार 40 खुराकों की आपूर्ति और की जानी है। मंत्रालय ने कहा कि केंद्र सरकार देश में कोविड-19 महामारी के खिलाफ टीकाकरण की रफ्तार को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। टीकों की उपलब्धता के साथ टीकाकरण अभियान को और विस्तार दिया गया है। अभियान के नए चरण में, केंद्र टीका निर्माताओं की ओर से बनाए किए जा रहे 75 फीसदी टीकों की खरीद और राज्यों को मुफ्त आपूर्ति करेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *