बारिश के बीच बड़ी संख्या में मसूरी पहुंचे पर्यटक

उत्तराखंड। पहाड़ों की रानी मसूरी में लगातार हो रही बारिश से मौसम में ठंड लौटने से मौसम खुशनुमा हो गया है। पर्यटक भी मसूरी के मौसम का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं। बारिश और कोहरे के बीच शहर में लगातार पर्यटक पहुंच रहे हैं। वहीं, सड़कों पर कई जगह भूस्खलन ने भी परेशानी बढ़ा दी है। शहर में पिछले कई दिनों से बारिश जारी है। इससे मसूरी में ठंड ने भी दस्तक दे दी है। लोगों के गर्म कपड़े बाहर निकल आए हैं। सैलानी भी गर्म कपड़ों की खूब खरीदारी कर रहे हैं। कोहरे में लिपटी मसूरी को देखकर पर्यटक भी रोमांचित नजर आ रहे हैं। सैलानी प्रीति का कहना है कि बारिश के बाद मसूरी में ठंड हो रही है और मौसम खुशनुमा है। मसूरी आकर गर्मी से राहत मिली है। पहली बार मसूरी आई हूं, यहां का मौसम और वादियां बहुत खूबसूरत हैं। काशीपुर से आए पर्यटक पुलकित ने कहा कि मसूरी प्राकृतिक रूप से सुंदर तो है ही, लेकिन यहां का खुशनुमा मौसम उत्साहित करता है। पल-पल बदलते मौसम का अपना ही मजा है। यहां ठंड होने से गर्म कपड़े भी खरीदने पड़ रहे हैं। वहीं बारिश के चलते मलबा आने से एक बार फिर मसूरी-देहरादून मार्ग गलोगीधार के पास बंद हो गया। इससे मार्ग पर लंबा जाम लग गया और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद मार्ग पर यातायात बहाल किया जा सका। मसूरी-देहरादून मार्ग पर गलोगीधार की पहाड़ी से बार-बार मलबा गिर रहा है। इससे पर्यटकों के साथ ही स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश होते ही गलोगी की पहाड़ी दरकने लगती है। पिछले तीन माह में दर्जनों बार सड़क बंद हो चुकी है। बृहस्पतिवार को भी करीब एक घंटे मार्ग बंद रहा। लोनिवि के अपर सहायक अभियंता पुष्पेंद्र कुमार खैरा ने बताया कि मौके पर दो जेसीबी मशीनों को लगाकर करीब एक घंटे में मार्ग खोला दिया गया। वहीं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि पहाड़ी के ट्रीटमेंट के लिए सरकार गंभीर है। बरसात में ट्रीटमेंट कार्य संभव नहीं है। जैसे ही बरसात रुकेगी ट्रीटमेंट का कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उधर, शहर के कैंपटी, धनोल्टी, दून मार्ग सहित आसपास के क्षेत्रों में कई जीप-टैक्सी और पिकअप चालक वाहनों में ओवर लोडिंग कर रहे हैं। ये चालक क्षमता से कई गुना सवारियां बैठाते हैं। इससे कभी भी हादसा हो सकता है। जीप व टैक्सी चालक वाहनों की छतों पर भी सवारियां बैठाते हैं। एआरटीओ रश्मि पंत ने कहा कि कुछ दिन पूर्व वाहन चालतों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। अब फिर से मसूरी सहित यमुना ब्रिज तक चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। सीओ मसूरी नरेन्द्र पंत ने कहा कि समय-समय पर ऐसे वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाती है। ओवर लोडिंग और यातायात नियमों का पालन नहीं करने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *