बारपेटा से दो संदिग्‍ध आतंकी गिरफ्तार

गुवाहाटी। असम में संदिग्ध आतंकियों की गिरफ्तारी का सिलसिला लगातार जारी है। अब यहां के बारपेटा जिले से दो संदिग्ध आतंकियों को गिरफ्तार किया गया है। बारपेटा एनसी अमिताव सिन्हा ने बताया, दोनों संदिग्ध व्यक्तियों का लिंक अलकायदा भारतीय उपमहाद्वीप और अंसारुल्लाह बांग्ला टीम (एबीटी) से है।

उन्होंने कहा, पुलिस ने बारपेटा के एक मदरसे में बेदखली अभियान भी चलाया, क्योंकि यह मदरसा अवैध रूप से सरकारी जमीन पर बनाया गया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया, पकड़े गए दोनों संदिग्धों का लिंक इस मदरसे से भी है। पुलिस ने बताया, बारपेटा जिले से गिरफ्तार किए गए संदिग्ध आतंकियों की पहचान कर ली गई है। एक की पहचान अकबर अली तो दूसरे की अबुल कलाम आजाद के रूप में हुई है।

10 दिनों में हुई छह गिरफ्तारी:-
पुलिस ने पिछले 10 दिनों में आतंकी लिंक मामले में करीब छह लोगों की गिरफ्तारी की है। इससे पहले गोलपारा से चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है। बीती 26 अगस्त को पुलिस ने गोलपारा के एक मदरसे से हफीजुर्रहमान मुफ्ती नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार किया था। इसके भी आतंकी संगठन से संबंध थे। यह व्यक्ति यहां के मदरसे में शिक्षक था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *