">

जानें मौसम का हाल…

नई दिल्ली। देश के कुछ हिस्सों को छोड़ दें तो अब तक राष्ट्रीय स्तर पर औसत से ज्यादा बारिश दर्ज हुई है। मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार आज भी राजधानी दिल्ली समेत देश के कई राज्यों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।

आज गुजरात, महाराष्ट्र के कोंकण, गोवा, राजस्थान, मध्य प्रदेश, यूपी, बिहार और दिल्ली में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इनके अलावा उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर, झारखंड, ओडिशा, सिक्किम समेत कुछ अन्य राज्यों में भी वर्षा हो सकती है।

निजी मौसम एजेंसी स्काईमेट के अनुसार उत्तर-पश्चिम मध्य प्रदेश के ऊपर गहरा कम दबाव का क्षेत्र बना हुआ है। इससे जुड़ा चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र औसत समुद्र तल से 7.6 किमी ऊपर तक फैला हुआ है। जैसलमेर, कोटा और फिर उत्तर पश्चिमी मध्य प्रदेश के ऊपर बने गहरे निम्न दबाव के केंद्र से होते हुए मानसून की एक द्रोणिका सतना, रांची, दीघा और बंगाल की खाड़ी के उत्तर-पूर्व की ओर जा रही है। इस मौसमी तंत्र के चलते देश के अनेक राज्य सितंबर मध्य में भी भीग रहे हैं। हवा में नमी बनी हुई और आसमान में बरसाती बादलों का डेरा है।

जारी रहेगा बारिश का सिलसिला:-
स्काईमेट के अनुसार 18 सितंबर के आसपास उत्तरी ओडिशा और पश्चिम बंगाल के तट के पास बंगाल की उत्तरी खाड़ी के ऊपर एक चक्रवाती परिसंचरण विकसित होने की उम्मीद है। इससे अगले कुछ दिनों तक बारिश का सिलसिला जारी रहने का अनुमान है।

बुधवार को यहां हुई बारिश:-

  • पश्चिमी मध्य प्रदेश समेत राज्य के कई हिस्सों, गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ में मध्यम से भारी बारिश हुई।
  • पश्चिम बंगाल, विदर्भ, गुजरात के शेष हिस्सों और तटीय ओडिशा और नगालैंड में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
  • झारखंड, बिहार, छत्तीसगढ़, पूर्वी और दक्षिण उत्तर प्रदेश, कोंकण और गोवा, मराठवाड़ा के कुछ हिस्सों तटीय कर्नाटक केरल और लक्षद्वीप में हल्की से मध्यम बारिश हुई।
  • उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश, दक्षिण राजस्थान, मध्य महाराष्ट्र, तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, पूर्वोत्तर भारत में हल्की बारिश हुई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *