घर पर योगाभ्यास या एक्सरसाइज करते समय न करें ये गलतियां

फिटनेस। शरीर को स्वस्थ और फिट रखने के लिए योगासन और व्यायाम बेहद फायदेमंद होता है। इनका नियमित अभ्यास शरीर को फिट तो रखता ही हैं, कई बीमारियों से भी बचाता है। हालांकि कोरोना महामारी के बाद से लोग घर पर ही खुद को फिट कर रखने के लिए व्यायाम और योग करते हैं।  लेकिन खुद से बिना किसी गाइड या ट्रेनर के व्यायाम करना शरीर पर गलत असर भी डाल सकता है। गाइड या ट्रेनर की गैरमौजूदगी में घर पर योगाभ्यास या व्यायाम करते समय कुछ गलतियां भी हो सकती हैं। ये छोटी-छोटी गलतियां हमारी सेहत के लिए नुकसानदायक हो सकती हैं। घर पर एक्सरसाइज करते समय कुछ बातों को खास ध्यान रखना चाहिए। आइए जानते हैं घर पर व्‍यायाम करते समय किन बातों का रखें ध्‍यान-

व्यायाम का गलत तरीका:-
अक्सर लोग एक्सरसाइज या योग के बारे में अधिक जानकारी न होने के बाद भी लगातार उसी व्यायाम को करते रहते हैं। आसन के गलत पोज आपके शरीर को हानि पहुंचा सकते हैं। वहीं क्षमता के अनुरुप एक्सरसाइज न करना भी सेहत पर बुरा असर डाल सकता है। ऐसे में गलत तरीके से योगाभ्यास करने से बेहतर है कि हल्के और आसान योगासन से शुरुआत करें।

घर में कहां करें व्यायाम:-
लोग घर पर व्यायाम तो करने लगते हैं लेकिन अगर आप कहीं भी बैठ कर योगाभ्यास करने लगते हैं तो यह गलत है। सबसे पहले तो आपको ये पता होना चाहिए कि खुली जमीन पर एक्सरसाइज या योग न करके मैट का इस्तेमाल करना चाहिए। यह भी ध्यान रखें कि बंद कमरे में एक्सरसाइज या योग करने के बजाए खुली छत, लॉन या बड़े हॉल में व्यायाम करें।

अस्वस्थ होने पर न करें व्यायाम:-
अगर आप किसी तरह से अस्वस्थ हैं तो व्यायाम करने से बचें। शरीर में दर्द होने या तबियत खराब होने की स्थिति में भी आप योगाभ्यास करना चाहते हैं तो कौन सा योग सही होगा, यह जान कर ही करें।

शरीर को दें आराम:-
कोरोना महामारी के कारण अगर आप घर पर बंद है और खाली समय में मात्र योग व एक्सरसाइज करते रहना पसंद है तो यह आपके शरीर के लिए हानिकारक हो सकता है। लगभग पूरा-पूरा दिन योग व एक्सरसाइज नहीं करना चाहिए। शरीर को आराम की जरूरत होती है, ऐसे में हफ्ते में एक दिन शरीर को आराम दें। अपनी क्षमता से अधिक एक्सरसाइज न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *