सिविल सेवा दिवस: पीएम बोले- पहाड़ जैसी ऊंचाई चढ़ने के लिए हमारे इरादे आसमान से भी ऊंचे

नई दिल्ली। पीएम नरेंद्र मोदी आज विज्ञान भवन में आयोजित 16वें ‘सिविल सेवा दिवस’ कार्यक्रम के में समापन सत्र में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे। उन्होंने सिविल सेवा के 15 अधिकारियों को लोक प्रशासन में सर्वोच्च मानदंड स्थापित करने के लिए ‘प्रधानमंत्री उत्कृष्टता मेडल’ से सम्मानित किया। पीएम मोदी  ने ‘पीएम गतिशक्ति’, ‘आयुष्मान भारत’, ‘हर घर जल’, ‘आकांक्षी जिला’ और ‘समग्र शिक्षा अभियान’ जैसे चुनिंदा सरकारी योजनाओं के अंतर्गत लोकसेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 15 नौकरशाहों को इस वर्ष के लिए दिए गए ‘प्राइम ​मिनिस्टर अवॉर्ड्स आफ एक्सीलेंस इन पब्लिक एडमिनिस्ट्रेशन 2022’ पर एक कॉफी टेबल बुक का लोकार्पण किया।

पीएम मोदी ने अपने संबोधन में कहा, ‘इस साल का सिविल सर्विस डे बहुत ज्यादा महत्वपूर्ण है। यह ऐसा समय है जब देश ने अपनी आजादी के 75 वर्ष पूर्ण किए हैं, ऐसा समय है जब देश ने अगले 25 वर्षों के विराट-विशाल लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए तेजी से कदम बढ़ाना शुरू किया है। मैं आज भारत के हर सिविल सेवा अधिकारी से यही कहूंगा कि आप बहुत भाग्यशाली हैं। आपको इस कालखंड में देश की सेवा का अवसर मिला है…हमारे पास समय कम है लेकिन सामर्थ्य भरपूर है, हमारे लक्ष्य कठिन हैं लेकिन हौसला कम नहीं है, हमें पहाड़ जैसी ऊंचाई भले ही चढ़नी है, लेकिन इरादे आसमान से भी ज्यादा ऊंचे हैं।’

उन्‍होने यह भी कहा कि ‘अब आजादी के अमृतकाल में युवा अधिकारियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होने वाली है , क्योंकि अगले 15-20 साल आपका कार्य बेहद महत्वपूर्ण होने वाला है, आपको बेहद महत्वपूर्ण सेवा का मौका मिल रहा है।  बीते 9 वर्षो में भारत जहां पहुंचा है, देश में अधिकारी वहीं हैं, कर्मचारी वहीं है लेकिन उनकी भूमिका बदल गई है। इस कार्य में आपकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है, क्योंकि आपकी मेहनत रंग लाई है, जिससे देश में सुशासन पर लोग भरोसा कर रहे हैं। आज भारत डिजिटल पेमेंट के मामले में नंबर एक है, मोबाइल डेटा दुनिया में सबसे सस्ता है, देश में आर्थिक व्यवस्था बेहद मजबूत है, साल 2014 की तुलना में 10 गुना रफ्तार से नए रेल मार्ग बने हैं और कई गुना ज्यादा सड़कों के निर्माण कार्य चल रहा है। इन सभी कार्यों में आपकी भूमिका है।’

इस कार्यक्रम दौरान पहला संबोधन केंद्रीय राज्य मंत्री जितेंद्र सिंह ने दिया। देश में विभिन्न सार्वजनिक सेवा विभागों में लगे सभी अधिकारियों के कार्यों को पहचान देने के लिए हर साल 21 अप्रैल को ‘सिविल सेवा दिवस’ मनाया जाता है। प्रधानमंत्री कार्यालय (पीएमओ) के बयान के मुताबिक, पीएम मोदी ने राष्ट्र निर्माण में सिविल सेवकों के योगदान की लगातार सराहना की है और उन्हें और भी कठिन काम करने के लिए प्रोत्साहित किया है।

यह कार्यक्रम देश भर के सिविल सेवकों को प्रेरित करेगा, उपयुक्त मंच के रूप में काम करेगा ताकि वे उसी उत्साह के साथ देश की सेवा करते रहें। यह अवॉर्ड देने का निर्णय आम नागरिकों के कल्याण के लिए केंद्र और राज्य सरकारों के जिलों और संगठनों द्वारा किए गए असाधारण और अभिनव कार्यों को पहचानने के बाद किया गया है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *