Russia: वैगनर ग्रुप चीफ ने किया बगावत, पुतिन की बढ़ी मुश्किलें, अरेस्ट वारंट जारी

Russia News: सवा साल से भी ज्यादा समय से रूस-यूक्रेन की लड़ाई जारी है।  इस बीच रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के लिए एक नई मुसीबत खड़ी हो गई है। जानकारी मिली है कि उनकी निजी मिलिशिया वैगनर ग्रुप ने रक्षा मंत्रालय के खिलाफ बगावत कर दी है। जिसके वजह से वैगनर ग्रुप और रूस की सेना के बीच तनाव पैदा हो गया है। रूस से जुड़े लड़ाकू समूह के मुखिया येवगेनी प्रिगोझिन ने मॉस्को को दंडित करने और बदला लेने की कसम खाई है।

प्रिगोझिन ने क्रेमलिन को ठहराया दोषी

दरअसल, यूक्रेन में वैगनर ट्रेनिंग कैंप पर मिसाइल हमले के लिए प्रिगोझिन ने क्रेमलिन को दोषी ठहराया है। इस हमलें में दर्जनों वैगनर लड़ाकू मारे गए थे। अब समूह के सरगना ने बदला लेने की ठान ली है। मीडिया रिपोर्ट से मिली जानकारी के मुताबिक, एक वीडियो में 62 वर्षीय येवगेनी प्रिगोझिन ने देश के नेतृत्व को उखाड़ फेंकने के लिए बड़ी संख्या में सैनिकों को तैनात करने की कसम खाई। उन्होंने कहा कि जिन्होंने आज हमारे लोगों को नष्ट कर दिया उन्हें दंडित किया जाएगा। हम मॉस्को जा रहे हैं, और जो कोई भी हमारे सेंटर्स में प्रवेश करेगा वह इसके लिए जवाबदेह होगा। उसने आगे कहा कि कोई भी हमारे रास्ते में आने की कोशिश करेगा, हम उन्हें खतरा मानेंगे। हमारे रास्ते में आने वाली सभी चौकियों सहित उन्हें तुरंत नष्ट कर देंगे।

जानकारी मिली है कि प्रिगोझिन की बगावत के बाद रूसी रक्षा मंत्रालय ने भी त्वरित प्रतिक्रिया दी है और प्रिगोझिन के खिलाफ अरेस्‍ट वारंट जारी कर दिया है।

प्रिगोझिन की बगावत रूसी सेना की पीठ में छुरा घोंपने के समान
रिपोर्ट से मुताबिक, रूस की फेडरल सिक्योरिटी सर्विस (एफएसबी) की नेशनल एंटी टेरेरिज्म कमेटी ने वैगनर ग्रुप के सरगना पर हथियारबंद विद्रोह का आरोप लगाया है। एफएसबी ने वैगनर के सैनिकों से अपील की है कि वह प्रिगोझिन के आदेश मानने से इनकार कर दें। एफएसबी ने प्रिगोझिन की बगावत को रूसी सेना की पीठ में छुरा घोंपने जैसा बताया है। राष्ट्रपति पुतिन को भी इसके बारे में जानकारी दे दी गई है और सभी जरूरी कदम उठा लिए गए हैं।

रूसी रक्षा मुख्यालय की बढ़ाई गई सुरक्षा
वैगनर ग्रुप के प्रमुख येवगेनी प्रिगोझिन की धमकी के बाद रूस के सैन्य मुख्यालय की सुरक्षा दुरुस्‍त कर दी गई है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रूस के सोशल मीडिया पर कई ऐसी तस्वीरें और वीडियो शेयर किए गए हैं, जिनमें दिख रहा है कि रूस के सैन्य मुख्यालय रोस्तोव ऑन डॉन की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। बख्तरबंद गाड़ियां और हथियारबंद सैनिक मुख्यालय के आसपास तैनात कर दिए गए हैं।

बन सकते है गृहयुद्ध के हालात
वैगनर ग्रुप के मुखिया की बगावत के चलते रूस में गृह युद्ध के हालात बन सकते हैं। रूस के राजनीतिक विशेषज्ञों का मानना है कि यह प्रिगोझिन का अंत हो सकता है। वहीं कुछ का मानना है कि इससे रूस में गृह युद्ध भी छिड़ सकता है क्योंकि प्रिगोझिन के समर्थक भी रूस में अच्छी खासी तादाद में हैं। ऐसे में इससे व्लादिमीर पुतिन की मुश्किलें बढ़नी तय हैं।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *