Rajasthan: राजस्थान में नशे के खिलाफ पुलिस और नारकोटिक्स विभाग ने एक बड़ी सफलता हासिल की है. सांचौर जिले के खारा गांव में चल रही एक गुप्त एमडी ड्रग्स फैक्ट्री का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस और NCB की संयुक्त टीम ने करीब 2 करोड़ रुपये की मेफेड्रोन जब्त की है. पुलिस ने मौके से तीन युवकों को हिरासत में लिया है. इस कार्रवाई ने नशे के सौदागरों के उस बड़े मंसूबे को नाकाम कर दिया है, जिसके तहत वे करीब 50 किलो ड्रग्स तैयार कर बाजार में खपाने वाले थे.
₹2 करोड़ की MD बरामद
एनसीबी जोधपुर की टीम ने घनश्याम सोनी, आईआरएस, जोनल डायरेक्टर, एनसीबी राजस्थान के मार्गदर्शन तथा विकाश कुमार, आईपीएस, महानिरीक्षक, एएनटीएफ राजस्थान के नेतृत्व में जालोर पुलिस के सहयोग से संयुक्त ऑपरेशन को अंजाम दिया. कार्रवाई के दौरान मौके से 4.910 किलोग्राम अवैध मादक पदार्थ मेफेड्रोन (MD) बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है.
तीन आरोपी हिरासत में
इसके अलावा, भारी मात्रा में कच्चा माल, चार ड्रम अज्ञात रसायन, बोरोसिल कांच के जार, चुंबकीय स्टरर, वजन मशीन और थर्मामीटर जैसे उपकरण जब्त किए गए हैं. पुलिस ने मौके से तीन युवकों को हिरासत में लिया है, जिनसे फिलहाल पूछताछ की जा रही है. प्रारंभिक जांच में पता चला है कि आरोपी बहुत बड़े पैमाने पर ड्रग्स सप्लाई की तैयारी में थे. इस संबंध में एनसीबी जोधपुर द्वारा अपराध संख्या VIII (IO) 02/NCB/JZU/2026 के तहत एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है. फिलहाल आरोपियों से पूछताछ और नेटवर्क की विस्तृत जांच जारी है.
अधिकारियों की अपील
एएनटीएफ आईजी विकास कुमार और एनसीबी जोनल डायरेक्टर घनश्याम सोनी ने बताया कि यह कार्रवाई नशे के खिलाफ जारी विशेष अभियान का हिस्सा है. उन्होंने आम जनता से भी अपील की है कि वे समाज को नशे से बचाने में मदद करें. अगर किसी के पास नशीले पदार्थों की तस्करी या निर्माण से जुड़ी कोई भी जानकारी है, तो वे गोपनीय रूप से साझा कर सकते हैं. इसके लिए मानस हेल्पलाइन 1933 या एटीएस कंट्रोल रूम 0141-2601583 पर फोन किया जा सकता है. सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गुप्त रखी जाएगी. फिलहाल पुलिस आरोपियों के पूरे नेटवर्क को खंगालने में जुटी है.
इसे भी पढ़ें:-केरल में भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त, तरबूजों के ढेर के नीचे रखे हुए थे 100 से ज्यादा डिब्बे