Bihar: सम्राट चौधरी के मुख्यमंत्री पद संभालने के बाद आज भागलपुर दौरा पर जाएगें। सीएम सम्राट चौधरी भागलपुर दौरे के दौरान विक्रमशिला सेतु का निरीक्षण करेंगे। वह पुल के क्षतिग्रस्त हिस्से का जायजा लेंगे। सीएम सम्राट चौधरी निर्माण एजेंसियों तथा अधिकारियों से परियोजना की प्रगति की जानकारी लेंगे। साथ ही फोरलेन सेतु निर्माण का भी जायजा लेंगे। सेतु निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री समाहरणालय पहुंचकर विभिन्न विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करेंगे। इसके बाद समीक्षा भवन में आयोजित बैठक में श्रावणी मेला-2026 की तैयारियों की समीक्षा करेंगे।
बैठक में सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, स्वास्थ्य सेवाएं, पेयजल आपूर्ति, साफ-सफाई और श्रद्धालुओं की सुविधाओं पर विस्तृत चर्चा होगी। प्रशासनिक कार्यक्रमों के अलावा मुख्यमंत्री नाथनगर के नरगा स्थित पूरनमल बाजोरिया शिक्षक प्रशिक्षण महाविद्यालय में भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रशिक्षण शिविर में शामिल होंगे।
इसके बाद वे पटना लौट जाएंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। हवाई अड्डा से लेकर काफिले के मार्ग में जगह-जगह मजिस्ट्रेट और पुलिस पदाधिकारी तैनात रहेंगे। मुख्यमंत्री ढाई घंटे तक शहर में रहेंगे।