18 राज्यों में 12 घंटे के अंदर तूफानी बारिश की चेतावनी, 75 की स्पीड से चलेगी हवा

Weather Today: देशभर में मॉनसून की रफ्तार में अचानक आई कमी के बाद एक बार फिर बड़े बदलाव से आफत की बारिश शुरू हो सकती है.  भारतीय मौसम विज्ञान विभाग ने देश के 18 राज्यों के लिए अगले चार दिनों तक भारी बारिश, आंधी और तूफान का अलर्ट जारी किया है. हालांकि पिछले कुछ दिनों से मैदानी क्षेत्रों में मॉनसून की गतिविधियां थमी हुई थीं, लेकिन मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि अगले कुछ दिनों तक देश के उत्तरी और पूर्वी हिस्सों में मूसलाधार बारिश हो सकती है. 

दिल्ली का कैसा रहेगा मौसम?

दिल्ली मे मौसम विभाग के अनुसार, 13 से 15 जुलाई के आसपास कई क्षेत्रों में मौसम आमतौर पर आंशिक रूप से बादल छाए रहने की संभावना है. 13 जुलाई को 20 से 30 किमी/घंटा की रफ्तार से सतही हवाएं चल सकती हैं, जिनके झोंके 40 किमी/घंटा तक पहुंच सकते हैं. 14 और 15 जुलाई को भी आसमान में हल्के बादल छाए रहेंगे.

उत्तर प्रदेश में आज कैसा रहेगा मौसम

उत्तर प्रदेश के पूर्वी और पश्चिमी हिस्से में अगले 24 घंटे में कुछ जगहों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान है, जबकि उत्तर-पूर्वी इलाके में कई स्थानों पर भारी वर्षा हो सकती है. संभल, एटा, हाथरस और फिरोजाबाद में काफी ज्यादा बारिश होने की संभावना है. वहीं, पीलीभीत, गौतमबुद्ध नगर, शामली और मैनपुरी में मौसमी बारिश की भारी कमी बनी होने के आसार नजर आ रहे हैं.

बिहार में  येलो अलर्ट जारी

मौसम विज्ञान केंद्र, पटना की ओर से जारी पूर्वानुमान के अनुसार 13 से 14 जुलाई तक बिहार के अधिकांश जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है. इस दौरान कई इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश होने, बिजली गिरने और 30 से 40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने की संभावना है.

पहाड़ों पर क्या रहेंगे हालात?

पहाड़ों पर कहीं बादल फट रहे हैं तो कहीं पूरा पहाड़ दरक रहा है. सड़कें ब्लॉक हैं क्योंकि बड़े बड़े बोल्डर गिर रहे हैं. आसमानी आफत ने किसी को नहीं छोड़ा. सड़कें, दुकान, मकान सब सैलाब की चपेट में हैं. हिमाचल प्रदेश में बीते कई दिनों से लगातार बारिश के कारण भूस्खलन, अचानक बाढ़, पेड़ों के उखड़ने और सड़कों के अवरुद्ध होने की घटनाएं सामने आ रही हैं. इस बीच मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के 6 जिलों में भारी बारिश का रेड अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग ने उत्तराखंड में भारी से बहुत भारी बारिश के पूर्वानुमान को लेकर ‘रेड अलर्ट’ जारी किया है.

इसे भी पढ़ें:-यूपी में 182 PCS अधिकारियों के तबादले, बदले गए कई जिलों के SDM

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *