UP News: मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में बड़ौत-मुजफ्फरनगर मार्ग पर बुधवार को दोपहर में बड़ौत डिपो की रोडवेज बस ने आगे चल रहे ईको वाहन को ओवरटेक करने के दौरान दो बाइकों में टक्कर मार दी. बाइक सवार उछलकर दूर जा गिरे. एक बाइक पर सवार बागपत के पिता-पुत्री समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई.
जानकारी के मुताबिक, रोडवेज की बस बड़ौत से मुजफ्फरनगर के लिए चली थी. दोपहर में 3:15 बजे बुढ़ाना से निकलते ही भैसाना गांव के पास चालक ने आगे चल रहे वाहन को ओवरटेक करने के प्रयास में रफ्तार बढ़ा दी. तेज रफ्तार होने के कारण बस अनियंत्रित हो गई और सामने से आ रहे बाइक सवारों को टक्कर मार दी. हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.
हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और आसपास बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए. सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भिजवाया. अस्पताल में इलाज के दौरान दो अन्य घायलों ने भी दम तोड़ दिया. इस तरह हादसे में कुल पांच लोगों की मौत हो गई. मृतकों के नाम मोमिन, फरमान, इदरीश, शाजिद और करीब ढाई से तीन साल की बच्ची भल्लो शामिल है.
घटना के बाद रोडवेज चालक बस छोड़कर मौके से फरार हो गया. फिलहाल पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. बस को कब्जे में लिया गया है और चालक की तलाश की जा रही है.
इसे भी पढ़ें:-सीएम योगी का बड़ा ऐलान, 1 करोड़ महिलाओं को मिलेंगे व्यवसाय के लिए 1-1 लाख रुपये