UP News: उत्तर प्रदेश में सार्वजनिक परिवहन सेवाओं को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से राज्य सरकार ने महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचागत निर्णय लिया है. योगी कैबिनेट ने सिद्धार्थनगर के शोहरतगढ़ और बढ़नी व हरदोई के सवायजपुर में बस अड्डे बनाने के लिए परिवहन विभाग को सरकारी जमीन निशुल्क दिए जाने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है.
कैबिनेट के इस फैसले से इन क्षेत्रों में सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को बेहतर बनाने की उम्मीद है. इस मौके पर अपना दल (S) विधायक विनय वर्मा ने परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह से मुलाकात कर उन्हें क्षेत्र की जनता की तरफ से बधाई भी दी.
दयाशंकर सिंह ने कहा कि बेहतर परिवहन सुविधा से सामाजिक विकास, जीवन स्तर में सुधार और पर्यटन को भी प्रोत्साहन मिलेगा. इस बुनियादी ढांचे के तहत सड़क नेटवर्क बेहतर होगा और यातायात संबंधी समस्याओं में कमी आएगी.
इन बस स्टेशनों के बनने से शहर के आस-पास के लोगों को प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से रोजगार के अवसर मिलेंगे. साथ ही बस स्टेशन परिसर में यात्रियों को सुविधाओं के साथ सुगम परिवहन सेवा उपलब्ध होगी.
इसे भी पढ़ें:-दिव्यांग बच्चों के बीच CM धामी ने मनाया अपना 51वां जन्मदिन, मासूमों का प्यार देख हुए भावुक