Uttar Pradesh: उत्तर प्रदेश एटीएस और पुलिस की संयुक्त टीम को रविवार सुबह एक बड़ी सफलता हाथ लगी। वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र में हुई एक मुठभेड़ के दौरान प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी के खूंखार कमांडर बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह भोक्ता को मार गिराया गया।
बता दें कि मारे गए नक्सली कमांडर पर कुल 30 लाख (झारखंड सरकार द्वारा 25 लाख और एनआईए द्वारा 5 लाख) का इनाम घोषित था। मुठभेड़ के दौरान नक्सली की ओर से की गई अंधाधुंध फायरिंग में यूपी एटीएस के डिप्टी एसपी विपिन राय और हेड कांस्टेबल नितेंद्र कृष्ण की बुलेटप्रूफ जैकेट पर गोलियां लगीं, जिससे दोनों पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए।
जानकारा के अनुसार 20 सितंबर की सुबह झारखंड के प्रतिबंधित नक्सली संगठन तृतीय प्रस्तुति कमेटी (TPC) का कमांडर बृजेश गंझू उर्फ गोपाल सिंह वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र के लंका मैदान में टेंगरा मोड़ से रामनगर होते हुए मुगलसराय जाने वाले रास्ते पर अपने एक साथी के साथ मोटरसाइकिल से मुगलसराय की तरफ जा रहा था।
मुखबिर की सूचना पर उसको रोककर गिरफ्तार करने का प्रयास किया गया लेकिन वह रुकने के बजाय गाड़ी से कूदकर पुलिसवालों पर फायर करने लगा। पुलिस की क्रॉस फायरिंग में नक्सली को गोली लगी। गोली से घायल नक्सली को हॉस्पिटल ले जाया गया लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।