उत्तराखंड आदि रंगोत्सव का हुआ शुभारंभ, सीएम धामी ने कहा- जनजातीय समाज के गौरव का है उत्सव

Uttarakhand: उत्तराखंड के खटीमा में तीन दिवसीय उत्तराखंड आदि रंगोत्सव के शुभारंभ से पहले रविवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में खटीमा में भव्य रोड शो निकाला गया। मुख्य चौराहे से शुरू हुआ रोड शो नवीन सब्जी मंडी तक पहुंचा। इसमें केंद्रीय मंत्री किरण रिजिजू, जुएल ओरम, सांसद अजय भट्ट, अजय टम्टा समेत भाजपा के कई नेताओं ने हिस्सा लिया।

जनजातीय समाज को आगे बढ़ा रही धामी सरकार

 सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि आदि रंगोत्सव जनजातीय समाज की संस्कृति, परंपरा और गौरव का उत्सव है। राज्य सरकार जनजातीय समाज को शिक्षा, स्वास्थ्य, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं से जोड़ते हुए उन्हें सशक्त एवं आत्मनिर्भर बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। वहीं, केंद्रीय जनजातीय कार्य मंत्री जुएल ओराम ने मुख्यमंत्री धामी के साथ साझा प्रयासों की सराहना करते हुए खटीमा स्थित एकलव्य आवासीय विद्यालय के विस्तार एवं सुविधाओं के लिए लगभग 10 करोड़ रुपये खर्च किए जाने की घोषणा की। उन्होंने बताया कि करीब 4 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले हॉस्टल का टेंडर पूरा हो चुका है।

केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने किया सीएम धामी की तारीफ

बता दें कि केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने उत्तराखंड की जनजातीय विविधता और सीएम धामी के नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि प्राकृतिक आपदाओं, सुरंग दुर्घटनाओं, भूस्खलन जैसी चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में सीएम धामी ने जिस तरह कार्य किया, वह सराहनीय है। उन्होंने थारू, बोक्सा, जौनसारी और राजी सहित जनजातीय समुदायों की संस्कृति को उत्तराखंड की समृद्ध पहचान बताया।

सीएम धामी ने की एकलव्य आवासीय विद्यालय स्थापित करने की अपील

बता दें कि सीएम धामी ने केंद्रीय मंत्रियों से पिथौरागढ़ क्षेत्र में भी एकलव्य आवासीय विद्यालय स्थापित करने का अनुरोध किया। राजस्थान, मध्य प्रदेश, अरुणाचल प्रदेश, छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र, ओडिशा, झारखंड, मिजोरम, उत्तर प्रदेश सहित विभिन्न राज्यों के कलाकारों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ का संदेश दिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *