Uttar Pradesh: यूपी के सहारनपुर में भीषण सड़क हादसा हुआ। मां दुर्गा की आराधना के लिए शाकुम्भरी देवी मां की जोत लेकर घर लौट रहे श्रद्धालुओं से भरी ट्रैक्टर-ट्राली की कंटेनर से टक्कर हो गई। हादसे में 4 श्रद्धालुओं की मौत हो गई और एक दर्जन से ज्यादा लोग घायल हैं। सभी श्रद्धालु मेरठ जिले के सरधना क्षेत्र के निवासी बताए जा रहे हैं। घटना के बाद पीड़ितों के गांव और परिजनों में कोहराम मच गया है।
कैसे हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार यह हादसा सहारनपुर के देवबंद में शनिवार की सुबह हुआ। इस हादसे में मेरठ सरधना विधानसभा क्षेत्र के कुशावली गांव के चार श्रद्धालुओं की मौत हो गई। सभी श्रद्धालु रविवार से नवरात्रि पर्व को लेकर उत्साहित थे, जिसके चलते वह मां शाकुंभरी देवी की ज्योत लेकर ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने गांव लौट रहे थे। श्रृद्धालुओं द्वारा अपनी ट्रैक्टर-ट्राली को देवबंद में रास्ते में चाय-पानी के लिए रोक लिया, तभी पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ने टक्कर मार दी।
मृतकों की पहचान
बता दें कि इस हादसे में बिल्लू उर्फ रमेश, अमन, सागर और पंकज की जान चली गई। गंभीर रूप से घायल 12 श्रद्धालुओं को बेहतर इलाज के लिए मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। हादसे की खबर मिलते ही कुशावली गांव में शोक छा गया और मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया।