Maharashtra: महाराष्ट्र के पालघर जिले में बुधवार आधी रात एक 14 मंजिला इमारत में भीषण आग लगने से दो महिलाओं की मौत हो गई, जबकि छह अन्य लोगों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। यह हादसा नालासोपारा-वसई लिंक रोड पर अचोले इलाके में मल्टी-स्टोरी इंपीरियल हाइट्स बिल्डिंग में हुई। बता दें कि आग लगने के बाद इमारत में अफरा-तफरी मच गई। दमकलकर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद 25 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला।
जानकारी के अनुसार, आग लगने की सूचना बुधवार रात करीब 12:10 बजे मिली थी। इसके बाद दमकल की टीमें मौके पर पहुंचीं और बचाव अभियान शुरू किया। आग तेजी से फैल रही थी और इमारत में धुआं भरने के कारण लोगों को बाहर निकालने में काफी परेशानी हुई।
बता दें कि इस हादसे में जान गंवाने वाली महिलाओं की पहचान फाल्गुनी शाह (50) और अश्विनी पारकर (50) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, दोनों महिलाओं की मौत भारी धुएं के कारण दम घुटने से होने की आशंका है। डॉक्टरों ने प्रारंभिक तौर पर यह जानकारी दी है। हालांकि, मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही होगी। इस हादसे में छह अन्य लोग भी प्रभावित हुए हैं। उन्हें इलाज के लिए एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उनकी स्थिति के बारे में विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।