Box Office: सुपरस्टार रजनीकांत की फिल्म ‘जेलर’ और इसके सीक्वल ‘जेलर 2’ में उनके पोते का किरदार निभाकर पहचान बनाने वाले बाल कलाकार रित्विक जोति राज इन दिनों चर्चा में हैं। हालांकि इस बार वह अपनी एक्टिंग नहीं, बल्कि अपने बिजनेस आइडिया और तकनीकी हुनर को लेकर सुर्खियां बटोर रहे हैं। महज छोटी उम्र में रित्विक ने अपने दोस्तों के साथ मिलकर एक कंपनी शुरू की है।
उन्हें कोडिंग, रोबोटिक्स और उद्यमिता में दिलचस्पी है। हाल ही में दिए गए एक इंटरव्यू का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह अपने स्टार्टअप के बारे में बात करते नजर आ रहे हैं। उनकी बातें सुनकर लोग हैरान हैं कि इतनी कम उम्र में वह अभिनय के साथ-साथ बिजनेस और टेक्नोलॉजी की दुनिया में भी हाथ आजमा रहे हैं।
रित्विक ने बताया कि कंपनी शुरू करने का विचार किसी बड़ी कारोबारी योजना के तहत नहीं आया था। इसकी शुरुआत दोस्तों के साथ वीडियो कॉल पर बातचीत करते समय हुई बोरियत से हुई। उन्होंने बताया कि जब सभी दोस्त वीडियो कॉल पर समय बिता रहे थे, तब उन्होंने सोचा कि क्यों न अपनी एक वेबसाइट बनाई जाए।
रित्विक के मुताबिक उन्हें और उनके दोस्तों को थोड़ी-बहुत कोडिंग आती थी। इसी जानकारी का इस्तेमाल करते हुए उन्होंने वेबसाइट बनाने का फैसला किया। धीरे-धीरे यह विचार एक कंपनी शुरू करने तक पहुंच गया। उनकी इस बात ने सोशल मीडिया यूजर्स का ध्यान खींचा है। आमतौर पर इस उम्र में बच्चे पढ़ाई और खेलकूद में व्यस्त रहते हैं, लेकिन रित्विक तकनीकी प्रयोगों और बिजनेस के बारे में सोच रहे हैं।