गृह मंत्री अमित शाह ने पुलिस स्मृति दिवस पर शहीदों को दी श्रद्धांजलि, 30 अक्टूबर तक आयोजित होंगे कई कार्यक्रम

New Delhi: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस पर नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि दी, अमित शाह ने राजधानी से एक बाइक रैली को भी हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। सीआरपीएफ के महानिदेशक ज्ञानेंद्र प्रताप सिंह ने उन्हें इस रैली के बारे में जानकारी दी, शहीद पुस्तिका रक्षक टोली ने भी शहीदों को श्रद्धांजलि दी, यह पुलिस का एक विशेष दस्ता है, जिसका काम कार्यक्रमों के दौरान शहीद पुस्तिका की सुरक्षा करना और उसे प्रस्तुत करना होता है।

बाइक रैली में 90 पुलिस राइडर्स शामिल

बाइक रैली में जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, उत्तर प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ और दिल्ली, केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों (सीआरपीएफ, सीआईएसएफ, बीएसएफ, एसएसबी, आटीबीपी और एनएसजी) और कुछ केंद्रीय पुलिस संगठनों (आरपीएफ, एनडीआरएफ और एनआईए) के लगभग 90 पुलिस राइडर्स शामिल हैं। यह पहल नशीले पदार्थों के खिलाफ लड़ाई नामक राष्ट्रव्यापी रैली का हिस्सा है, इसमें सभी राज्यों, केंद्र शासित प्रदेशों और केंद्रीय बलों के पुलिस राइडर्स 31 अक्टूबर को गुजरात के एकता नगर में इकट्ठा होंगे और एकता परेड में हिस्सा लेंगे।

मुख्य कार्यक्रम एनएमपी में आयोजित किया जाएगा

बता दें कि पिछले वर्षों की तरह इस साल भी पुलिस शहीदों को श्रद्धांजलि देने के लिए पूरे देश में पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाएगा। मुख्य कार्यक्रम नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक (एनएमपी) में आयोजित किया जाएगा, जहां केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बलों और दिल्ली पुलिस की संयुक्त परेड होगी, इस अवसर पर केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल और केंद्रीय पुलिस संगठन द्वारा 22 से 30 अक्टूबर तक राष्ट्रीय पुलिस स्मारक में कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

वीडियो फिल्मों का प्रदर्शन शामिल होगा

इनमें शहीदों के परिवारों का आना, पुलिस बैंड का प्रदर्शन, बाइक रैलियां, शहीदों के लिए दौड़ रक्तदान शिविर, बच्चों के लिए निबंध, चित्रकला प्रतियोगिताएं, पुलिसकर्मियों के बलिदान, वीरता व सेवाओं को दर्शाने वाली वीडियो फिल्मों का प्रदर्शन शामिल होगा, 21 अक्टूबर 1959 को लद्दाख के हॉट स्प्रिंग्स में भारी हथियारों से लैस चीनी सैनिकों द्वारा किए गए हमले में 10 बहादुर पुलिसकर्मियों ने अपने प्राणों की आहुति दी थी, तब से हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस के रूप में मनाया जाता है।

राष्ट्रीय पुलिस स्मारक राष्ट्र को समर्पित

पुलिसकर्मियों के बलिदान और राष्ट्रीय सुरक्षा व अखंडता को बनाए रखने में उनकी अहम भूमिका को देखते हुए प्रधानमंत्री ने 2018 में पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर नई दिल्ली के चाणक्यपुरी स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक को राष्ट्र को समर्पित किया था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *