हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट: भारत और पाकिस्तान के बीच आज खेला जाएगा महामुकाबला

Sports: जब भी क्रिकेट के मैदान पर भारत और पाकिस्तान की टीमें आमने-सामने आती हैं, तो फैंस का उत्साह देखने लायक होता है। अब एक बार फिर दोनों टीमें हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट के 22वें एडिशन में भिड़ने के लिए तैयार हैं। टूर्नामेंट के पहले ही दिन ग्रुप सी का यह हाई-वोल्टेज मुकाबला खेला जाएगा, जिसमें डिफेंडिंग चैंपियन पाकिस्तान अपने खिताब को बचाने उतरेगी, वहीं भारतीय टीम भी जीत के साथ इस टूर्नामेंट का शानदार आगाज करने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

6-6 ओवर का होगा मैच

यह टूर्नामेंट हांगकांग के मिशन रोड ग्राउंड मंग कोक पर खेला जा रहा है, जो 30 अक्टूबर से 1 नवंबर तक चलेगा। इस टूर्नामेंट में कुल 12 टीमें हिस्सा ले रही हैं, जिन्हें 3-3 टीमों के 4 ग्रुप्स में बांटा गया है। भारत और पाकिस्तान को यूएई (UAE) के साथ ग्रुप सी में रखा गया है। यह टूर्नामेंट एक अलग फॉर्मेट में खेला जाता है, जिसमें हर टीम से 6 खिलाड़ी खेलते हैं और एक पारी सिर्फ 6 ओवर की होती है। कम ओवर होने और आक्रामक खेल की वजह से मैदान पर चौके-छक्कों की बरसात होती है, जो फैंस को बहुत पसंद आता है। शुरुआती मैचों के बाद नॉकआउट मुकाबले होंगे और 1 नवंबर को इस रोमांचक टूर्नामेंट का फाइनल खेला जाएगा।

IND vs PAK मैच कब और कहां देखें

भारत और पाकिस्तान के बीच यह मैच भारतीय समय के हिसाब से शुक्रवार (30 अक्टूबर) सुबह 11:45 बजे शुरू होगा। इस बार पाकिस्तान टीम की कप्तानी 25 साल के मोहम्मद अब्बास अफरीदी कर रहे हैं। खास बात यह है कि पिछले साल 2025 में भी अब्बास अफरीदी की कप्तानी में ही पाकिस्तान की टीम चैंपियन बनी थी। वहीं टीम इंडिया की कमान क्रुणाल पांड्या के हाथों में  हैं।

हांगकांग सिक्सेस टूर्नामेंट के लिए भारत-पाकिस्तान का स्क्वॉड

भारतीय टीम: क्रुणाल पांड्या (कप्तान), राहुल त्रिपाठी, शशांक सिंह, नीतीश राणा, कुलवंत खेजरोलिया, राहुल तेवतिया, टी नटराजन

पाकिस्तान टीम: मोहम्मद अब्बास अफरीदी (कप्तान), अब्दुल समद, इरफान खान, अहमद दानियाल, मोहम्मद शहजाद, साद मसूद, ख्वाजा नफे

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *