Sardar Vallabhbhai Patel Jayanti: देश आज लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती मना रहा है. इस मौके पर पूरा देश भारत के प्रथम उप प्रधानमंत्री और अखंड भारत के निर्माता को याद कर रहा है. राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह समेत कई बड़े नेताओं ने सरदार पटेल को श्रद्धांजलि दी है.
राष्ट्रपति मुर्मू ने किया नमन
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की 151वीं जयंती पर मैं उन्हें विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करती हूँ.”
PM मोदी ने दी श्रद्धांजलि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा, “अखंड भारत के प्रणेता देश के लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल को उनकी जयंती पर सादर नमन. उन्होंने एक सशक्त, समृद्ध और समर्थ भारत के निर्माण के लिए अपना जीवन समर्पित कर दिया. मां भारती की सेवा में उनका त्याग और समर्पण विकसित एवं आत्मनिर्भर भारत के निर्माण के लिए बहुत बड़ा प्रेरणास्रोत है.”
अमित शाह ने याद किया योगदान
केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने लिखा, “आधुनिक भारत के शिल्पकार, राष्ट्रीय एकता और अखंडता के प्रतीक, लौह पुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की जयंती पर उन्हें कोटि-कोटि नमन. सरदार साहब ने अपने अदम्य साहस और दूरदर्शिता से रियासतों में बंटे देश को एक सूत्र में पिरोकर मजबूत भारत की नींव रखी और अखिल भारतीय सेवाओं की आधारशिला रखकर देश की प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ आधार दिया.”उन्होंने आगे कहा कि खेड़ा और बारडोली सत्याग्रह के माध्यम से किसानों के अधिकारों के लिए उनका संघर्ष जनसेवा और नेतृत्व का अनुपम उदाहरण है. राष्ट्रहित को सर्वोपरि रखने वाले सरदार साहब का त्याग और राष्ट्रप्रेम हर देशवासी को ‘एक भारत, श्रेष्ठ भारत’ के निर्माण के लिए प्रेरित करता रहेगा.
इसे भी पढ़ें:-गर्लफ्रेंड के सामने लव गिल का साथ छोड़ना स्काउट को पड़ा भारी