श्रीनगर में भीषण अग्निकांड, जिंदा जले दो लोग, 80 झोपड़ियां जलकर राख

Srinagar: जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर के बाहरी इलाके में मंगलवार देर रात भीषण आग ने तबाही मचा दी. श्रीनगर आउटर के बेमिना इलाके के दुर्बल में अचानक आग भड़क गई. इस आग ने कुछ ही मिनटों में पूरे इलाके को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में 80 से ज्यादा कच्चे मकान और झोपड़पट्टियां जलकर स्वाहा हो गईं. वहीं झुलसने से दो व्यक्तियों की मौके पर ही जान चली गई.

कैसे लगी आग?

जानकारी के मुताबिक, आग अस्थायी झोपड़ियों के एक क्लस्टर में लगी. ये सभी ढांचे कबाड़ के सामान से घिरे थे, इसलिए आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया. ज्यादातर ढांचे कबाड़ कारोबार से जुड़े लोगों ने रहने और काम करने के लिए बनाए थे. कबाड़ में प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील सामान होने से आग बेकाबू हो गई.

फायर ब्रिगेड ने आग पर पाया काबू

घटना की जानकारी मिलते ही फायर ब्रिगेड, पुलिस और इमरजेंसी टीम मौके पर दौड़ी. स्थानीय लोगों की मदद से आग बुझाने का काम शुरू हुआ. काफी जद्दोजहद के बाद आग पर नियंत्रण पाया जा सका. लेकिन तब तक सब कुछ जलकर राख हो चुका था.

मरने वाले दोनों दिल्ली के रहने वाले

पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतक दिल्ली के रहने वाले थे और श्रीनगर में कबाड़ चुनने का काम करते थे. मृतकों के नाम मुहम्मद नूर आलम (27 साल) और मुहम्मद अमीन रफी (16 साल) बताए गए हैं. दोनों बेमिना में ही झुग्गी बनाकर रहते थे. रात में आग लगने से वे अंदर ही फंस गए और बाहर नहीं निकल पाए.

फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है. आग कैसे लगी, इसकी तफ्तीश की जा रही है. प्रारंभिक तौर पर बिजली के शॉर्ट सर्किट से हादसा होने की आशंका है. संपत्ति के नुकसान का आकलन किया जा रहा है.

इसे भी पढ़ें:-TI हत्याकांड के आरोपी का पुलिस ने किया एनकाउंटर, हिरासत से भागने की कोशिश में मारी गोली, हालत गंभीर

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *