मणिपुर में दो उग्रवादी गुटों के बीच भीषण मुठभेड़, ताबड़तोड़ फायरिंग में 3 उग्रवादियों की मौत, महिलाओं ने संभाला मोर्चा

Manipur: मणिपुर में एक बार फिर हिंसा भड़की है. राज्य के नोने जिले में बुधवार सुबह-सुबह दो प्रतिद्वंद्वी उग्रवादी गुटों के बीच जमकर गोलीबारी हुई. इस खूनी संघर्ष में कम से कम 3 उग्रवादियों के मारे जाने की खबर है.अधिकारियों के मुताबिक, ये मुठभेड़ नागा बहुल इलाके में हुई है. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में तनाव का माहौल है और सुरक्षा बलों ने इलाके को घेर लिया है.

सुबह 4 बजे शुरू हुई ताबड़तोड़ फायरिंग

पुलिस सूत्रों ने बताया कि घटना नोने जिले के खोपुम थाना क्षेत्र के ताओदाइजंग गांव में हुई. बुधवार तड़के करीब 4 बजे गांव में अचानक ऑटोमैटिक हथियारों से फायरिंग शुरू हो गई. करीब एक घंटे तक रुक-रुक कर गोलीबारी चलती रही, जिससे पूरे गांव में दहशत फैल गई.शुरुआती जांच में इसे नागा उग्रवादी संगठनों के बीच गैंगवार माना जा रहा है. संदेह है कि ये लड़ाई जेलियांग्रोंग यूनाइटेड फ्रंट (ZUF) और उसके विरोधी गुट के कैडरों के बीच हुई है. दोनों गुटों के बीच लंबे समय से वर्चस्व को लेकर विवाद चल रहा है.

ग्रामीणों ने बरामद किए शव

फायरिंग बंद होने के बाद जब ग्रामीण सहमे हुए घरों से बाहर निकले, तो उन्हें घटनास्थल पर तीन लोगों के शव पड़े मिले. तीनों के पास से हथियार भी बरामद हुए हैं. स्थानीय लोगों ने ही पुलिस को सूचना देकर शवों को कब्जे में लिया.मृतकों की अभी शिनाख्त नहीं हो पाई है, लेकिन तीनों किसी उग्रवादी संगठन के सक्रिय सदस्य बताए जा रहे हैं.

महिलाओं ने लाउडस्पीकर से की शांति की अपील

इस घटना में सबसे मानवीय पहलू तब सामने आया जब हिंसा को बढ़ता देख गांव की महिलाएं खुद मोर्चे पर आ गईं.आगे और खून-खराबा न हो, इसके लिए महिलाओं ने लाउडस्पीकर हाथ में लिया और जंगल की तरफ मुंह करके उग्रवादियों से फायरिंग रोकने की भावुक अपील की. उन्होंने कहा कि गांव में बच्चे और बुजुर्ग डरे हुए हैं, शांति बनाए रखें.

इसे भी पढ़ें:-सेवा सेक्टर ने पकड़ी रफ्तार, अक्टूबर में 4 महीने के टॉप पर पहुंचा Services PMI, महंगाई भी हुई कम

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *