Odisha: ओडिशा के जाजपुर जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. शनिवार रात घर में लगी भीषण आग में एक ही परिवार के चार लोगों की दर्दनाक मौत हो गई. मृतकों में दो महिलाएं और दो मासूम बच्चे शामिल हैं. जबकि परिवार का एक 22 साल का युवक गंभीर रूप से झुलस गया है.
रसोई में खाना बनाते वक्त हुआ हादसा
यह दर्दनाक हादसा बालिचंद्रपुर थाना क्षेत्र के नल्लीपुर पंचायत के शेख महल्ला गांव में हुआ. जानकारी के मुताबिक शनिवार रात करीब 8:30 बजे शेख निजामुद्दीन के घर में अचानक आग भड़क उठी. बताया जा रहा है कि उस वक्त घर में एलपीजी गैस पर खाना बनाया जा रहा था.देखते ही देखते आग ने पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी तेज थी कि घर के चार कमरे जलकर खाक हो गए और अंदर मौजूद लोगों को बाहर निकलने तक का मौका नहीं मिला.
एक ही परिवार के 4 लोगों की मौत
हादसे के वक्त निजामुद्दीन की 40 वर्षीय बहू तबस्सुम परवीन और 26 वर्षीय बेटी गुल अफ्सा परवीन रसोई में थीं. घर में ही मौजूद 11 साल की रोशनी परवीन और 8 महीने का एक मासूम बच्चा भी आग की चपेट में आ गया. चारों की मौके पर ही जलकर मौत हो गई.घटना में झुलसे 22 वर्षीय युवक को तुरंत बड़चणा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) ले जाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर उसे कटक रेफर कर दिया गया है.
गांव में पसरा मातम, जांच में जुटी पुलिस
सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. बालिचंद्रपुर पुलिस ने भी मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.अभी तक आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है. पुलिस और फायर विभाग की टीम जांच कर रही है कि आग शॉर्ट सर्किट से लगी या एलपीजी लीक से.एक साथ चार मौतों से, जिसमें दो छोटे बच्चे भी हैं, पूरे शेख महल्ला गांव में मातम पसरा हुआ है. गांव वाले इस हादसे से सदमे में हैं.
इसे भी पढ़ें:-भारत लाया गया गैंगस्टर अफरीदी तूत, पंजाब पुलिस को मिली सफलता