Health care: सर्दियों का मौसम भले ही सुहाना लगता हो, लेकिन हाई ब्लड प्रेशर यानी हाइपरटेंशन के मरीजों के लिए यह खतरे की घंटी लेकर आता है. डॉक्टरों के अनुसार ठंड में शरीर की रक्त वाहिकाएं सिकुड़ने लगती हैं, जिससे खून का प्रवाह बनाए रखने के लिए दिल को अधिक मेहनत करनी पड़ती है. इसका असर ब्लड प्रेशर पर पड़ सकता है और कुछ लोगों का बीपी सामान्य से बढ़ सकता है. ऐसे में ठंड के मौसम में बीपी की नियमित जांच और सही खानपान बेहद जरूरी है.
सर्दियों में बीपी बढ़ने के 6 बड़े कारण
1. रक्त वाहिकाओं का सिकुड़ना
ठंड में शरीर गर्मी बचाने के लिए रक्त वाहिकाओं को सिकोड़ देता है, जिसे मेडिकल भाषा में Vasoconstriction कहते हैं. इससे नसों पर दबाव बढ़ता है और बीपी ऊपर चला जाता है.
2. शारीरिक गतिविधि में कमी
ठंड के कारण लोग मॉर्निंग वॉक और एक्सरसाइज करना छोड़ देते हैं. लंबे समय तक बैठे रहने से वजन बढ़ता है और इसका सीधा असर ब्लड प्रेशर पर पड़ता है.
3. नमक और तला-भुना भोजन ज्यादा खाना
सर्दियों में पकौड़े, पराठे, नमकीन और मसालेदार खाने का चलन बढ़ जाता है. इनमें सोडियम और फैट ज्यादा होता है, जो शरीर में पानी रोककर बीपी बढ़ा सकता है.
4. वजन बढ़ना
कम एक्टिविटी और ज्यादा कैलोरी वाला खाना खाने से वजन तेजी से बढ़ता है. ज्यादा वजन होने पर दिल को खून पंप करने के लिए अधिक जोर लगाना पड़ता है.
5. तनाव और नींद की कमी
मौसम बदलने से दिनचर्या बिगड़ती है और नींद पूरी नहीं हो पाती. लगातार तनाव में रहने से ऐसे हार्मोन रिलीज होते हैं जो बीपी बढ़ा देते हैं.
6. दवा और जांच में लापरवाही
कई लोग खुद को ठीक महसूस होने पर बीपी की दवा लेना बंद कर देते हैं या जांच नहीं कराते. डॉक्टरों के अनुसार यह सबसे खतरनाक गलती है.
सर्दियों में बीपी कंट्रोल रखने के 7 आसान टिप्स
1. रोजाना बीपी चेक करें: डॉक्टर की सलाह से रोज बीपी मापें और रीडिंग डायरी में नोट करें.
2. ठंड से बचाव: बाहर निकलते समय गर्म कपड़े, टोपी, मफलर और दस्ताने जरूर पहनें.
3. रोजाना एक्सरसाइज: ज्यादा ठंड में बाहर न जा सकें तो घर में ही योग, स्ट्रेचिंग और हल्की कसरत करें.
4. नमक कम खाएं: अचार, पापड़, चिप्स और पैकेज्ड फूड से दूरी बनाएं.
5. पूरी नींद लें: रोजाना 7 से 9 घंटे की नींद लेना जरूरी है.
6. पानी पीते रहें: सर्दियों में प्यास कम लगती है, लेकिन शरीर को पानी की जरूरत बनी रहती है.
7. दवा समय पर लें: बीपी की दवा डॉक्टर के बताए समय और खुराक से ही लें, खुद से बंद न करें.
इसे भी पढ़ें:-कैंसर की 137 दवाएं हुईं सस्ती, 50% से ज्यादा घटे दाम, 3540 करोड़ की होगी बचत