यूपी में सर्दी ने दी दस्तक! सुबह-शाम कोहरा और दिन में धूप, पूर्वांचल में बूंदाबांदी के आसार

UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में नवंबर के साथ ही सर्दी ने दस्तक दे दी है. सुबह और शाम के वक्त ठंडक बढ़ गई है, जबकि दिन में धूप निकलने से राहत मिल रही है. मौसम विभाग के मुताबिक प्रदेश में अगले कुछ दिन मौसम साफ और शुष्क बना रहेगा.मौसम विभाग के अनुसार मध्य राजस्थान और उसके आसपास बने चक्रवाती परिसंचरण का हल्का असर पूर्वांचल के कुछ जिलों में दिख सकता है. इससे कहीं-कहीं हल्की बूंदाबांदी हो सकती है, लेकिन व्यापक बारिश की कोई संभावना नहीं है.

आज 11 नवंबर को कैसा रहेगा मौसम?

मौसम विभाग के ताजा पूर्वानुमान के मुताबिक बुधवार को पश्चिमी और पूर्वी यूपी दोनों जगह मौसम सामान्यतः शुष्क रहेगा. सुबह के समय कुछ इलाकों में हल्का कोहरा रहेगा. पूर्वांचल में कोहरे का असर ज्यादा रहेगा, जहां छिछले से मध्यम स्तर की धुंध छा सकती है. दिन चढ़ने के साथ मौसम साफ हो जाएगा. फिलहाल बारिश या गरज-चमक को लेकर कोई अलर्ट नहीं है.

लखनऊ और पूर्वांचल का हाल

राजधानी लखनऊ में आज मौसम साफ रहने का अनुमान है. सुबह हल्की धुंध रहेगी, लेकिन बाद में अच्छी धूप खिलेगी. अधिकतम तापमान करीब 29°C और न्यूनतम 18°C के आसपास रह सकता है.बाराबंकी, सीतापुर, अयोध्या और प्रयागराज में भी मौसम शुष्क रहेगा और बारिश की संभावना नहीं है. वाराणसी में हल्के बादल दिखाई दे सकते हैं.

नोएडा-गाजियाबाद में ठंड के साथ प्रदूषण की मार

पश्चिमी यूपी के नोएडा, गाजियाबाद, मेरठ और हापुड़ में तापमान गिरने से ठंड बढ़ रही है. मौसम शुष्क रहेगा लेकिन प्रदूषण ने परेशानी बढ़ा दी है. दिवाली के बाद से AQI खराब हो गया है. नोएडा में आज AQI 311 दर्ज किया गया है, जो बेहद खराब श्रेणी में है. बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को सुबह-शाम बाहर निकलने में सावधानी बरतने की सलाह है.

16 नवंबर तक बारिश नहीं

मौसम विभाग के मुताबिक 16 नवंबर तक यूपी में मौसम शुष्क बना रहेगा. किसी भी जिले में आंधी-तूफान या बारिश की चेतावनी नहीं है. अगले 7 दिनों तक तापमान में भी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं. हालांकि सुबह के कोहरे और रात में गिरते तापमान से ठंड धीरे-धीरे और बढ़ेगी.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *