Entertainment: रियलिटी शो ‘बिग बॉस 20’ में इन दिनों रिश्तों और दोस्ती के समीकरण तेजी से बदल रहे हैं। घर के अंदर कभी कंटेस्टेंट्स के बीच तीखी बहस देखने को मिल रही है तो कभी पुराने दोस्त एक-दूसरे के खिलाफ खड़े नजर आ रहे हैं। इस बीच स्काउटओपी ने ऐसा कदम उठाया है, जिसने घर के बाकी सदस्यों को हैरान कर दिया, शो के नए प्रोमो में वह अपना सिर मुंडवाते दिखाई दे रहे हैं। उनका यह बदला हुआ अंदाज देखकर घरवाले भी दंग रह गए।
दरअसल, पिछले कुछ दिनों से स्काउटओपी का यंग डीएसए और लव गिल के साथ विवाद चल रहा है। लगातार हुए इन झगड़ों के बीच उन्होंने नेशनल टेलीविजन पर अपने बाल हटाने का फैसला किया। इसके बाद से ही उनके इस कदम को लेकर दर्शकों के बीच चर्चा तेज हो गई है।
टास्क के दौरान यंग डीएसए से भिड़े स्काउटओपी
हाल ही में बिग बॉस के घर में एक टास्क के दौरान स्काउटओपी और यंग डीएसए के बीच कहासुनी शुरू हो गई। दोनों के बीच बहस इतनी बढ़ गई कि स्काउटओपी ने युंग को धक्का दे दिया। इस घटना के बाद घर का माहौल तनावपूर्ण हो गया, मामला और बिगड़ता देख गुल्लू समेत घर के अन्य सदस्य बीच में आए और दोनों को अलग किया। इस घटना ने दोनों के रिश्ते में पहले से मौजूद तनाव को और बढ़ा दिया।
बिग बॉस ने सुनाई सख्त सजा, पूरे सीजन के लिए हुए नॉमिनेट Bigg Boss 20
युंग डीएसए के साथ हुई इस घटना को बिग बॉस ने गंभीरता से लिया। बिग बॉस ने स्काउटओपी के खिलाफ कड़ा फैसला सुनाते हुए उन्हें पूरे सीजन के लिए नॉमिनेट कर दिया। यानी अब वह शो के बाकी सफर में हर हफ्ते एलिमिनेशन के खतरे में रहेंगे, इतना ही नहीं, बिग बॉस ने उनके लिए कुछ और पाबंदियां भी लगाईं, स्काउटओपी अब घर के कैप्टन नहीं बन सकेंगे और उन्हें अपनी लाइफलाइन वापस पाने का मौका भी नहीं दिया जाएगा। इस फैसले के बाद उनके गेम पर भी सवाल उठने लगे हैं।
लव गिल के साथ भी बिगड़ा रिश्ता, टिप्पणी पर मचा बवाल
यंग डीएसए के साथ विवाद के अगले दिन स्काउटओपी की बहस लव गिल से भी हो गई। खास बात यह है कि दोनों के बीच पहले अच्छी दोस्ती थी और स्काउट लव को अपनी बहन जैसा मानते थे। दरअसल, लव गिल ‘कैरेक्टर ढीला’ गाना गुनगुना रही थीं। इसी दौरान स्काउटओपी ने उनके पजामे को लेकर एक टिप्पणी कर दी। उनकी यह बात लव को पसंद नहीं आई और उन्होंने तुरंत इस पर नाराजगी जाहिर की, इस बहस में काजी तौकीर भी शामिल हो गए, उन्होंने स्काउटओपी को महिलाओं के प्रति सम्मानजनक व्यवहार रखने की सलाह दी। वहीं, गुल्लू ने भी उनकी टिप्पणी का मतलब समझाने की कोशिश की। हालांकि, बाद में स्काउटओपी को अपनी गलती का एहसास हुआ और उन्होंने लव गिल से माफी मांग ली।
आखिर किस वजह से स्काउटओपी ने मुंडवाया अपना सिर
लगातार दो विवादों में घिरने के बाद स्काउटओपी अब शो के नए प्रोमो में बिल्कुल बदले हुए अंदाज में नजर आ रहे हैं। मेकर्स की ओर से जारी प्रोमो में वह बाथरूम एरिया में अपने सिर के सारे बाल हटाते दिखाई देते हैं। उनका यह कदम देखकर माही विज और लव गिल भी हैरान रह जाती हैं। हालांकि, स्काउटओपी ने आखिर किस वजह से अपना सिर मुंडवाया और इसके पीछे उनका क्या मकसद है, यह अभी साफ नहीं हुआ है। प्रोमो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर भी उनके इस नए लुक को लेकर खूब चर्चा हो रही है। अब दर्शकों को पूरे एपिसोड का इंतजार है, जिसमें उनके इस फैसले की वजह सामने आ सकती है।