Uttar Pradesh: सोमवार की भोर में फतेहपुर में भीषण सड़क हादसा हो गया। हाई स्पीड ट्रक ने बाइक में टक्कर मार दी, इस हादसे में तीन दोस्तों की मौत हो गई, घटना की सूचना मिलते ही तीन परिवारों में कोहराम मच गया।
नऊवाबाग में प्रयागराज रोड पर पेट्रोल पंप के पास हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, फतेहपुर के सदर कोतवाली क्षेत्र के नऊवाबाग में प्रयागराज रोड पर पेट्रोल पंप के पास सोमवार भोर पहर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को कुचल दिया। इस हादसे में तीनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, तीनों युवक रोज की तरह एक साथ जिम जाने के लिए घर से निकले थे।
मृतकों की हुई पहचान
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, मृतकों की पहचान चित्रांश नगर निवासी रामनरेश के 19 वर्षीय पुत्र स्पर्श गौतम, विष्णुपुरी कॉलोनी निवासी धर्मपाल के 19 वर्षीय पुत्र अनुज पाल और तांबेश्वर मंदिर के पास रहने वाले कुलदीप पटेल के पुत्र विशेष पटेल के रूप में हुई है। स्पर्श एलएलबी और अनुज बी-फार्मा की पढ़ाई कर रहा था, जबकि विशेष पटेल मेरठ में बीटेक बायोटेक्नोलॉजी का छात्र था।