NTA News: देश में NEET और JEE जैसी बड़ी प्रतियोगी परीक्षाओं में पारदर्शिता लाने के लिए NTA एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है. अब तक प्राइवेट कंपनियों और उनके वेन्यू पर निर्भर रहने वाला NTA अब अपना खुद का स्थाई एग्जाम नेटवर्क तैयार करेगा. नई योजना के तहत देश के हर जिले में 2 स्थाई परीक्षा केंद्र बनाए जाएंगे. इनमें से एक मुख्य केंद्र होगा और दूसरा बैकअप सेंटर के तौर पर काम करेगा.
क्या है NTA का नया प्लान?
अगर परीक्षा के दौरान तकनीकी खराबी या कोई गड़बड़ी होती है, तो तुरंत बैकअप सेंटर पर शिफ्ट किया जा सकेगा ताकि छात्रों का साल खराब न हो.NTA ने इसके लिए AICTE से देशभर के तकनीकी संस्थानों का डेटा मांगा है. ऐसे संस्थान जो एक शिफ्ट में कम से कम 250 छात्रों की परीक्षा करा सकें, उनसे प्रस्ताव लिए जा रहे हैं. जहां मानक वाले संस्थान नहीं मिलेंगे, वहां NTA खुद हार्डवेयर और कंप्यूटर इंफ्रास्ट्रक्चर तैयार करेगा. इसमें सरकारी संस्थानों को पहली प्राथमिकता दी जाएगी. NTA ने 31 अगस्त को AICTE को पत्र लिखकर 15 सितंबर तक सभी सरकारी तकनीकी संस्थानों की लिस्ट मांगी थी.
राधाकृष्णन कमेटी की सिफारिश पर फैसला
यह पूरा फैसला डॉ. राधाकृष्णन कमेटी की सिफारिशों के बाद लिया गया है. इस हाई-लेवल पैनल ने परीक्षा सिस्टम को भरोसेमंद बनाने के लिए 100 से ज्यादा सुधार सुझाए थे. पैनल का मुख्य सुझाव था कि NTA के पास ऐसे सुरक्षित स्थाई केंद्र होने चाहिए जहां कंप्यूटर सिस्टम और सॉफ्टवेयर पर सीधा NTA का कंट्रोल हो. अभी तक प्राइवेट कंपनियां ही वेन्यू, हार्डवेयर और टेक्निकल सेटअप संभालती थीं.
ग्रामीण छात्रों को सबसे बड़ा फायदा
इस पहल से छोटे शहरों और ग्रामीण इलाकों के लाखों छात्रों को राहत मिलेगी. अभी तक CBT परीक्षा के अच्छे सेंटर सिर्फ बड़े शहरों और राजधानियों में ही होते थे, जिससे छात्रों को दूसरे जिले तक जाना पड़ता था. हर जिले में स्थाई सेंटर बनने से उन्हें अपने ही जिले में पेपर देने का मौका मिलेगा, जिससे यात्रा का खर्च, समय और तनाव दोनों बचेंगे.
इसे भी पढ़ें:-खेसारी लाल यादव के शो में हंगामा होने से मची भगदड़, दर्शकों ने तोड़ीं कुर्सियां