UP election 2027: यूपी विधानसभा चुनाव नजदीक आते ही बीजेपी पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई है. मथुरा से लेकर दिल्ली तक लगातार बैठकों का दौर चल रहा है. इस बार पार्टी का सबसे बड़ा फोकस मथुरा की कृष्ण जन्मभूमि पर है. बीजेपी इसी थीम पर चुनाव लड़ेगी. पहले मथुरा में पार्टी का दो दिन का चिंतन शिविर हुआ और उसी के बाद सीएम योगी आदित्यनाथ सीधे दिल्ली पहुंचे.
अमित शाह -सीएम योगी की अहम बैठक
मंगलवार को मथुरा में चिंतन बैठक खत्म होते ही सीएम योगी दिल्ली रवाना हो गए. दिल्ली पहुंचते ही उन्होंने पहले बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन से उनके आवास पर मुलाकात की. दोनों के बीच लंबी चर्चा हुई. इसके बाद सीएम योगी गृह मंत्री अमित शाह से मिलने पहुंचे. दोनों के बीच करीब एक घंटे तक बैठक चली.
इस बैठक में बीजेपी अध्यक्ष नितिन नवीन और संगठन महासचिव बीएल संतोष भी मौजूद रहे. बैठक के बाद सीएम योगी ने सोशल मीडिया पर लिखा – “आज नई दिल्ली में माननीय केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह जी से शिष्टाचार भेंट की, समय देने के लिए आभार.
हालांकि बैठक की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है, लेकिन माना जा रहा है कि यूपी चुनाव की रणनीति पर ही चर्चा हुई है. सूत्रों के मुताबिक सीएम योगी ने मथुरा चिंतन शिविर का फीडबैक और प्रदेश इकाई की रिपोर्ट केंद्रीय नेतृत्व के सामने रखी.
मथुरा चिंतन शिविर में क्या हुआ?
मथुरा में हुए दो दिवसीय चिंतन शिविर में बीजेपी नेताओं ने जमकर “राधे-राधे” के नारे लगाए. बैठक खत्म होने पर नेताओं ने कहा – अयोध्या, काशी के बाद अब मथुरा की बारी है. शिविर में सीएम योगी और अध्यक्ष नितिन नवीन ने नेताओं को चुनावी मंत्र दिया. तय हुआ कि बीजेपी कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, योगी सरकार के विकास कार्य, सांस्कृतिक पहचान और राष्ट्रवाद के मुद्दे पर चुनाव लड़ेगी. कार्यकर्ताओं को घर-घर जाकर पिछले 10 साल में यूपी में हुए बदलाव को बताना है.
बैठक के बाद बीजेपी नेता “राधे-राधे, कमल खिला दे” का नारा लगाते हुए बाहर निकले. डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि यूपी में तीसरी बार बीजेपी सरकार बनना तय है. उन्होंने अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि अगर उन्हें सैफई तक साइकिल पहुंचानी है तो मथुरा आकर कृष्ण जन्मभूमि के मुक्ति यज्ञ में शामिल हों.
इसे भी पढ़ें:-अक्षय नवमी आज, कथा सुननें से घर में बनी रहती है सुख-समृद्धि