Sonpur Mela 2026: बिहार ही नहीं बल्कि पूरे एशिया में प्रसिद्ध हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेले की तारीख तय हो गई है. इस बार मेले का उद्घाटन 22 नवंबर को होगा और यह मेला 32 दिनों तक चलेगा. 23 दिसंबर को मेले का समापन होगा. मेले को लेकर जिला प्रशासन और पर्यटन विभाग ने तैयारियां तेज कर दी हैं.इस बार सोनपुर मेले को पहले से ज्यादा भव्य, आकर्षक और पर्यटन केंद्रित बनाने की तैयारी है. सरकार चाहती है कि मेले में आने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधा मिले और साथ ही बिहार की कला, संस्कृति और लोक परंपरा को देश-दुनिया में नई पहचान मिले. इसके लिए पर्यटन विभाग कई स्तर पर काम कर रहा है.
स्थानीय कलाकारों को मिलेगा बड़ा मंच
मेले में होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए कलाकारों के चयन की जिम्मेदारी जिला प्रशासन को दी गई है. प्रशासन अब कलाकारों की लिस्ट और कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार कर रहा है. इससे न सिर्फ बिहार के स्थानीय कलाकारों को बल्कि देश के दूसरे राज्यों के कलाकारों को भी अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिलेगा.
स्विस कॉटेज और आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज होगा मुख्य आकर्षण
पर्यटकों के ठहरने के लिए इस बार मेले में स्विस कॉटेज बनाए जाएंगे. इसकी जिम्मेदारी बिहार राज्य पर्यटन विकास निगम (BSTDC) को सौंपी गई है. कॉटेज में सभी आधुनिक सुविधाएं होंगी.इसके अलावा मेले में आर्ट एंड क्राफ्ट विलेज भी विकसित किया जा रहा है. यहां देशभर के शिल्पकार और कलाकार अपनी कलाकृतियां, हैंडीक्राफ्ट और पारंपरिक उत्पादों को प्रदर्शित और बेच सकेंगे. इससे लोकल फॉर वोकल को भी बढ़ावा मिलेगा.
पर्यटन विभाग की ओर से एक विशेष पवेलियन भी तैयार किया जाएगा. इसमें पर्यटक सूचना केंद्र बनेगा और अलग-अलग प्रकार के स्टॉल लगेंगे. यहां आने वाले पर्यटकों को बिहार के प्रमुख पर्यटन स्थल, धार्मिक और ऐतिहासिक धरोहरों और सरकार द्वारा दी जा रही सुविधाओं की पूरी जानकारी दी जाएगी. अन्य सरकारी विभागों को भी अपने स्टॉल लगाने के लिए जगह दी जाएगी.
भागवत कथा से लेकर रामलीला तक, गंगा आरती भी होगी
आपको बता दें कि गंगा और गंडक नदियों के संगम पर लगने वाला हरिहर क्षेत्र सोनपुर मेला एशिया के सबसे बड़े पशु मेलों में गिना जाता है. कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर यहां लाखों श्रद्धालु स्नान करने और हरिहरनाथ मंदिर में पूजा-अर्चना करने आते हैं.
इस बार भी मेले में भागवत कथा, रामलीला, भव्य गंगा आरती, नौका दौड़, कुश्ती प्रतियोगिता, पतंगबाजी और लोक सांस्कृतिक कार्यक्रम मेले की शोभा बढ़ाएंगे.कला एवं संस्कृति विभाग की ओर से इंद्रधनुष कार्यक्रम के तहत लोकगीत, लोकनृत्य, सूफी संगीत और कव्वाली की विशेष प्रस्तुतियां भी कराई जाएंगी, जो पर्यटकों के लिए मुख्य आकर्षण का केंद्र रहेंगी.
इसे भी पढ़ें-चतुर व्यक्ति परिस्थितियों को मन के अनुरूप बनाएगा वह सदा सुखी रहेगा: दिव्य मोरारी बापू