पीएम मोदी के आगमन पर पटना में बदलेगा ट्रैफिक रूट, एडवाइजरी जारी

Patna: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 21 नवंबर को बिहार के वैशाली जिले में प्रस्तावित कार्यक्रम को लेकर पटना में ट्रैफिक व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है. कार्यक्रम में लाखों लोगों के पहुंचने की संभावना को देखते हुए पटना ट्रैफिक पुलिस ने नई एडवाइजरी जारी की है.जारी एडवाइजरी के मुताबिक कई मुख्य रास्तों पर वाहनों की आवाजाही पूरी तरह से प्रतिबंधित रहेगी, जबकि कार्यक्रम में शामिल होने वाले लोगों के लिए वैकल्पिक रूट भी तय किए गए हैं.

आज रात 10 बजे से भारी वाहनों की एंट्री बंद

पटना यातायात पुलिस की ओर से जारी सूचना के मुताबिक, 20 नवंबर की रात 10 बजे से कच्ची दरगाह 6 लेन के रास्ते वैशाली के बनारसी चौक की ओर जाने वाले भारी और व्यावसायिक वाहनों का प्रवेश पूरी तरह से बंद रहेगा. यह प्रतिबंध 21 नवंबर को कार्यक्रम समाप्त होने और कार्यक्रम में शामिल होने वाले सभी वाहनों के सुरक्षित निकलने तक लागू रहेगा.इसके अलावा, 20 नवंबर की रात 10 बजे से 21 नवंबर को कार्यक्रम खत्म होने तक दीदारगंज गोलंबर से कच्ची दरगाह 6 लेन पुल के पश्चिमी लेन पर सभी तरह के वाहनों का परिचालन बंद रहेगा.

कार्यक्रम में जाने वालों के लिए अलग रूट तय

वैशाली में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने वाले वाहनों के लिए अलग रास्ता निर्धारित किया गया है. ऐसे वाहन दीदारगंज गोलंबर से कच्ची दरगाह पुल के नीचे से विपरीत दिशा में रैंप के रास्ते होते हुए पुल के पूर्वी लेन से कार्यक्रम स्थल तक पहुंच सकेंगे. इस वैकल्पिक रास्ते का इस्तेमाल कार्यक्रम शुरू होने से पहले तक ही किया जा सकेगा.

इन रास्तों से बचने की अपील

ट्रैफिक पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि वे कार्यक्रम के दौरान हवाई अड्डा, शहीद पीर अली मार्ग, हार्डिंग रोड, अटल पथ, दीघा गोलंबर और जेपी गंगा पथ वाले रास्तों से बचें. इसके बजाय अशोक राजपथ और बेली रोड जैसे वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करें, ताकि जाम से बचा जा सके.