Tulsi Vivah 2026: हिंदू धर्म में तुलसी विवाह का विशेष धार्मिक महत्व है. इस दिन घरों में माता तुलसी का विवाह भगवान शालिग्राम के साथ पूरे विधि-विधान से कराया जाता है.पंचांग के अनुसार, यह पर्व हर साल कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की द्वादशी तिथि को मनाया जाता है. हालांकि कई जगहों पर एकादशी तिथि को भी तुलसी विवाह कराया जाता है. धार्मिक मान्यता है कि तुलसी विवाह कराने से कन्यादान के समान पुण्य फल मिलता है और घर में सुख-समृद्धि का आगमन होता है. तुलसी विवाह 21 नवंबर 2026, शनिवार के दिन किया जाएगा.
तुलसी विवाह 2026 शुभ मुहूर्त
प्रदोष काल पूजा का शुभ मुहूर्त: शाम 5 बजकर 25 मिनट से लेकर शाम 7 बजकर 49 मिनट तक
ब्रह्म मुहूर्त: सुबह 4 बजकर 40 मिनट से लेकर सुबह 5 बजकर 30 मिनट तक
अभिजीत मुहूर्त: दोपहर 11 बजकर 42 मिनट से लेकर दोपहर 12 बजकर 28 मिनट तक
गोधूलि मुहूर्त: शाम 5 बजकर 25 मिनट से लेकर शाम 6 बजकर 13 मिनट तक
तुलसी विवाह की संपूर्ण विधि
- सबसे पहले घर में तुलसी के पौधे और पूजा स्थान को अच्छी तरह साफ कर लें. ध्यान रखें कि इस दिन तुलसी की पत्तियां न तोड़ें.
- तुलसी के गमले को गेरू और सजावटी सामग्री से सजाएं.
- इसके चारों कोनों पर गन्ने खड़े करके ऊपर से मौली बांध दें और मंडप का आकार दें.
- इसके बाद तुलसी के सामने रंगोली बनाकर पूजा स्थल को अच्छी तरह सजा लें.
- अब गमले के दाहिनी ओर एक चौकी पर पीला वस्त्र बिछाकर भगवान शालिग्राम को स्थापित करें.
- शालिग्राम जी को गंगाजल, पंचामृत और फिर शुद्ध जल से स्नान कराएं. इसके बाद उन्हें पीले वस्त्र पहनाएं.
- घी का दीपक जलाकर सबसे पहले भगवान गणेश का स्मरण करें.
- तुलसी माता पर जल छिड़कें और रोली-हल्दी का तिलक लगाकर अक्षत और फूल अर्पित करें.
- इसके बाद उन्हें लाल चुनरी ओढ़ाएं और सुहाग सामग्री चढ़ाकर दुल्हन की तरह श्रृंगार करें.
- अब तुलसी जी और शालिग्राम जी को दूध में भीगी हल्दी लगाएं और विवाह की रस्में पूरी करें.
- अगले दिन तुलसी माता को अर्पित की गई चुनरी और सुहाग सामग्री दान कर दें.
इसे भी पढ़ें:-सर्दियों में पार्टनर के साथ घूमने का है प्लान? ये 7 रोमांटिक जगहें बना देंगी ट्रिप को यादगार