Lung Cancer: अगर आपको लगता है कि लंग कैंसर सिर्फ सिगरेट पीने वालों को होता है, तो ये सोच अब पुरानी हो चुकी है. आकाश हेल्थकेयर के सीनियर कंसल्टेंट और HOD, ऑन्कोलॉजी डॉक्टर परवीन जैन ने चेतावनी दी है कि अब हवा ही फेफड़ों का सबसे बड़ा दुश्मन बन गई है. स्मोकर हों या नॉन-स्मोकर, सालों तक प्रदूषित हवा में सांस लेना फेफड़ों को अंदर ही अंदर खोखला कर रहा है और कैंसर का रिस्क बढ़ रहा है.
डराने वाले आंकड़े
GLOBOCAN के आंकड़ों के अनुसार, भारत में 2024 में लंग कैंसर के 1,12,659 नए केस आए और 98,687 लोगों की मौत हो गई. दुनिया भर में 26.37 लाख नए केस और 18.61 लाख मौतें हुईं. WHO कहता है कि दुनिया की 99% आबादी ऐसी जगह रह रही है, जहां हवा की क्वालिटी तय गाइडलाइन से खराब है. सबसे डराने वाली बात ये है कि प्रदूषण का नुकसान तुरंत नहीं दिखता. ये धीरे-धीरे, सालों तक फेफड़ों को खराब करता रहता है.
हर सांस में खतरा, PM2.5 सबसे खतरनाक
हवा में गाड़ियों का धुआं, फैक्ट्रियों का धुआं, कंस्ट्रक्शन की धूल, फॉसिल फ्यूल जलाने का धुआं और घर के कामों से निकलने वाले केमिकल ये सब मिलकर प्रदूषण बनाते हैं. इनमें सबसे खतरनाक है PM2.5. ये कण इतने छोटे होते हैं कि फेफड़ों के सबसे अंदर तक पहुंच जाते हैं और नुकसान पहुंचाते हैं. कुछ अल्ट्राफाइन कण तो खून में भी मिल जाते हैं.
इंटरनेशनल एजेंसी फॉर रिसर्च ऑन कैंसर (IARC) ने आउटडोर एयर पॉल्यूशन को Group 1 कार्सिनोजन यानी इंसानों में कैंसर पैदा करने वाला घोषित किया है. ये क्लासिफिकेशन लंबे समय तक प्रदूषण के संपर्क में रहने से कैंसर होने के पक्के वैज्ञानिक सबूतों पर आधारित है.
सालों का एक्सपोजर फेफड़ों पर कैसे छोड़ता है निशान?
डॉक्टर परवीन जैन ने बताया कि प्रदूषण और लंग कैंसर का रिश्ता एक दिन का नहीं है, ये सालों तक फेफड़ों के टिश्यू में होने वाले बदलाव का नतीजा है. बार-बार फाइन पार्टिकल और जहरीले केमिकल के संपर्क में आने से फेफड़ों में सूजन और ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस होता है. इसमें अनस्टेबल मॉलिक्यूल हेल्दी सेल्स को डैमेज करते हैं. समय के साथ ये डैमेज DNA और उसके रिपेयर सिस्टम को भी बिगाड़ देता है, जिससे सेल्स असामान्य तरीके से बढ़ने लगते हैं और कैंसर बन जाता है.एक स्टडी में ये भी पाया गया कि PM2.5 और नाइट्रोजन ऑक्साइड जैसे प्रदूषकों के लंबे समय तक संपर्क से एम्फिसीमा तेजी से बढ़ता है, जो दिखाता है कि प्रदूषण समय के साथ फेफड़ों की बनावट को ही बदल देता है.
नॉन-स्मोकर भी सेफ नहीं
सबसे बड़ी गलतफहमी यही है कि ‘मैं स्मोकिंग नहीं करता, तो मुझे लंग कैंसर नहीं होगा.’ सच्चाई ये है कि जो नॉन-स्मोकर इंडस्ट्रियल प्रदूषण, ट्रैफिक के धुएं, सेकंड-हैंड स्मोक और घर में खाना बनाते समय निकलने वाले धुएं के लगातार संपर्क में रहते हैं, उनमें भी रिस्क ज्यादा है.
इसे भी पढ़ें:-बैलगाड़ी से बुलेट ट्रेन तक…, IIT खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली में बोले पीएम मोदी, शुभेंदु अधिकारी भी रहे मौजूद