Bihar: पटना से भीषण सड़क हादसे की खबर सामने आई है। बाढ़ अनुमंडल में रविवार सुबह एक सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि छह अन्य घायल हो गए। हादसा बख्तियारपुर के सबनीमा गांव के पास फोरलेन पर सुबह करीब पांच बजे हुआ। यहां शादी समारोह से लौट रही स्कॉर्पियो की टक्कर ट्रक से हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कॉर्पियो सवार तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, एक अन्य घायल की बाढ़ अनुमंडलीय अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई।
जानकारी के मुताबिक, सिकंदरा गांव से बारात बख्तियारपुर आई थी। शादी समारोह संपन्न होने के बाद कुछ लोग स्कॉर्पियो से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान जगन्नाथ पेट्रोल पंप के पास तेज रफ्तार ट्रक ने स्कॉर्पियो को टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।
मृतकों की पहचान धीरज कुमार (26), पूनम कुमारी (27), बबली कुमारी (18) और रेणु कुमारी (20) के रूप में हुई है। पूनम दूल्हे की चचेरी बहन थी और सिकंदरा गांव की रहने वाली थी।