Haryana: हरियाणा के रोहतक में बुधवार देर रात खूनी गैंगवार ने पूरे इलाके को दहला दिया. खरावड़ पुलिस चौकी से महज 50 कदम की दूरी पर स्थित मिलन ढाबे पर अंधाधुंध फायरिंग हुई, जिसमें 4 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई.मृतकों की पहचान रिंकू पुत्र जगबीर निवासी डीघल, विनीत पुत्र जयबीर निवासी डीघल, गंजू निवासी डीघल और हिमांशु पुत्र राजबीर निवासी बेरी के रूप में हुई है. इनमें तीन युवक झज्जर जिले के डीघल गांव के रहने वाले थे.
स्विफ्ट कार में आए 5 बदमाश, बरसाईं 50 से ज्यादा गोलियां
जानकारी के मुताबिक, स्विफ्ट कार में सवार 5 हथियारबंद बदमाश ढाबे पर पहुंचे और खाना खा रहे युवकों पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं. गोलियों की आवाज सुनते ही ढाबे पर भगदड़ मच गई. लोग जान बचाने के लिए टेबल-कुर्सियों के पीछे छिप गए.बदमाशों ने करीब 50 से ज्यादा राउंड फायर किए. इस दौरान तीन युवकों की खाने की टेबल पर ही मौत हो गई. वहीं जान बचाकर भागे चौथे युवक का भी बदमाशों ने पीछा किया और गोलियों से भून डाला.
वारदात के बाद हथियार लहराते घूमते रहे बदमाश
बताया जा रहा है कि वारदात के बाद बदमाश हथियार लहराते हुए कई मिनट तक मौके पर घूमते रहे और फिर फरार हो गए. घटना की सूचना मिलते ही रोहतक रेंज के आईजी हामिद अख्तर, एसपी गौरव राजपुरोहित समेत जिला पुलिस के तमाम बड़े अधिकारी मौके पर पहुंचे.सीआईए, स्पेशल सेल और एफएसएल की टीम ने मौके पर पहुंचकर बारीकी से जांच की.
डीएसपी बोले – गैंगवार है या नहीं, जांच का विषय
रोहतक डीएसपी ऋषिकांत ने कहा, “कल रात कुछ लोग एक ढाबे पर आए थे. उन पर गोलीबारी की गई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई. कोई घायल नहीं हुआ है. हमने FIR दर्ज कर ली है. आरोपियों की पहचान की प्रक्रिया चल रही है. ये गैंगवार है या नहीं, ये जांच का विषय है. कई टीमें लगाई गई हैं, जल्द ही अहम सुराग मिलने की उम्मीद है. फिलहाल कोई फुटेज उपलब्ध नहीं है.
भाऊ-सन्नी गैंगवार से जुड़ रहे तार
वारदात को भाऊ रिटोलिया और सन्नी रिटोलिया के बीच चल रही गैंगवार से जोड़कर देखा जा रहा है. आशंका है कि इसका कनेक्शन डीघल गांव में पिछले दिनों हुए एक युवक के मर्डर से भी हो सकता है. पुलिस सभी एंगल से जांच में जुटी है.
इसे भी पढ़ें:-Gold Price: सोने-चांदी की कीमतों में आई भारी गिरावट, जानिए आज का भाव