बर्फ की चादर में लिपटे कश्मीर में दौड़ी वंदे भारत, दिखा स्विट्जरलैंड जैसा नजारा

Kashmir: कश्मीर की हसीन वादियों में जब बर्फबारी के बीच वंदे भारत ट्रेन गुजरती है, तो नजारा किसी विदेशी पोस्टकार्ड से कम नहीं लगता। इन दिनों सोशल मीडिया पर ऐसा ही एक दिलकश वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें नारंगी और ग्रे रंग की वंदे भारत ट्रेन चारों तरफ बिछी सफेद बर्फ के बीच पटरियों पर दौड़ती नजर आ रही है।वीडियो को देखकर पहले तो लोग इसे स्विट्जरलैंड समझ बैठे, लेकिन जब उन्हें पता चला कि ये नजारा अपने ही कश्मीर का है, तो गर्व से उनका सीना चौड़ा हो गया।

बर्फ से ढकी पटरियों पर चमकती हेडलाइट के साथ दौड़ी ट्रेन

वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि पहाड़ी ढलान, सुरक्षा जालियों और बर्फ से ढकी पटरियों के बीच वंदे भारत अपनी चमकती हेडलाइट के साथ आगे बढ़ रही है। चारों तरफ जमी बर्फ और ठंडी वादियों के बीच इस ट्रेन का अंदाज बेहद खास लग रहा है।आम दिनों में यह ट्रेन अपनी तेज रफ्तार और आधुनिक सुविधाओं के लिए चर्चा में रहती है, लेकिन बर्फबारी के बीच इसका ये सफर देखने वालों के लिए आंखों को सुकून देने वाला बन गया है।

स्विट्जरलैंड से हुई तुलना, बदलते कश्मीर की तस्वीर

सोशल मीडिया पर सबसे ज्यादा चर्चा इस बात की हो रही है कि बर्फ से ढके पहाड़ों के बीच गुजरती इस ट्रेन का फ्रेम देखकर कई लोगों को यूरोप या स्विट्जरलैंड की याद आ गई। कड़ाके की ठंड और बर्फबारी के मौसम में भी रेल कनेक्टिविटी और आधुनिक ट्रेनों की मौजूदगी को लोग बदलते और आगे बढ़ते भारत की तस्वीर के तौर पर देख रहे हैं।

इसे भी पढ़ें:-त्रिपुरा में निकाय चुनाव के लिए मतदान शुरू, 16 निकायों की 268 सीटों पर 733 उम्मीदवारों की किस्मत दांव पर