UP में बढ़ी ठंड, सुबह-शाम कोहरा और दिन में धूप, जानें अगले 5 दिन का मौसम

UP Weather Today: उत्तर प्रदेश में इन दिनों मौसम का दोहरा मिजाज देखने को मिल रहा है. सुबह और रात में ठंड का असर बढ़ गया है, वहीं दिन में तेज धूप निकलने से लोगों को राहत मिल रही है. तापमान में उतार-चढ़ाव के चलते लोगों को दिन और रात में अलग-अलग मौसम का सामना करना पड़ रहा है.

लखनऊ में 11.9 डिग्री पहुंचा न्यूनतम तापमान

प्रादेशिक मौसम केंद्र के अनुसार, शुक्रवार को लखनऊ का अधिकतम तापमान 26.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.6 डिग्री कम रहा. वहीं न्यूनतम तापमान 11.9 डिग्री सेल्सियस रहा. हवा में अधिकतम नमी 93 प्रतिशत और न्यूनतम 38 प्रतिशत दर्ज की गई.प्रदेश के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास पहुंच गया है. शुक्रवार को कानपुर में न्यूनतम तापमान 8.4 डिग्री और अधिकतम 25.8 डिग्री रहा. हरदोई में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री, बस्ती में 9.6 डिग्री और अयोध्या में 10 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.

28 नवंबर को घने कोहरे का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार, 28 नवंबर को पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश दोनों ही हिस्सों में कहीं-कहीं घना कोहरा छाने की संभावना है. शुक्रवार और शनिवार सुबह के समय कोहरे का असर बढ़ सकता है. इसके बाद 2 दिसंबर तक कोहरे का असर कम रहेगा. 29 नवंबर से 3 दिसंबर तक सुबह के समय कहीं-कहीं छिछला से मध्यम कोहरा रह सकता है. सुबह कोहरे और रात की ठंड के बीच दिन में धूप खिलने का सिलसिला जारी रहेगा.

आने वाले दिनों में और बढ़ेगी ठंड

मौसम विभाग का कहना है कि नवंबर के अंत तक मौसम का यही रूप देखने को मिलेगा. आने वाले दिनों में सुबह और रात की ठंड और बढ़ेगी, जबकि दिन में धूप का सिलसिला जारी रहेगा.

इसे भी पढ़ें:-जम्मू-कश्मीर में बड़ी आतंकी साजिश नाकाम, लश्कर के 3 मददगार गिरफ्तार, ग्रेनेड और AK-47 के कारतूस बरामद