Uttarakhand: उत्तराखंड के पौड़ी जिले से दिल दहला देने वाली खबर सामने आई है. रिखणीखाल ब्लॉक में शनिवार को एक ईको वैन अनियंत्रित होकर करीब 100 मीटर गहरी खाई में जा गिरी. इस भयानक हादसे में अब तक 8 लोगों की मौत हो गई है, जिनमें वाहन चालक और 7 महिलाएं शामिल हैं.
अस्पताल में तोड़ा 8वीं महिला ने दम
हादसे में घायल 8वीं महिला ने रिखणीखाल अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया, जिसके बाद मृतकों की संख्या 8 हो गई. वैन में करीब 14 लोग सवार थे. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है, वहीं एक गंभीर घायल को एयरलिफ्ट कर एम्स ऋषिकेश भेजने की तैयारी की जा रही है.
बैंक का काम करके लौट रही थीं महिलाएं
बताया जा रहा है कि कोटनाली भंगलवाण की स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाएं बैंक के काम से सिद्धखाल गई थीं. काम निपटाकर सभी ईको वैन से अपने गांव लौट रही थीं. तभी कलवाड़ी गांव के पास चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया और वैन सीधे खाई में जा गिरी.मृतक चालक की पहचान अनिल देवराड़ा, निवासी भंगलवाण गांव के रूप में हुई है.
ग्रामीणों ने सबसे पहले शुरू किया रेस्क्यू
हादसे की खबर मिलते ही स्थानीय ग्रामीण मौके पर पहुंचे और खाई में उतरकर लोगों को निकालने में जुट गए. सूचना पर रिखणीखाल, लैंसडौन और कोटद्वार से प्रशासनिक टीमें भी रवाना हुईं. लैंसडौन की एसडीएम शालिनी मौर्य भी टीम के साथ मौके पर पहुंचीं.पुलिस, राजस्व विभाग और ग्रामीणों ने मिलकर रेस्क्यू अभियान चलाया. खाई से घायलों और शवों को बड़ी मुश्किल से बाहर निकाला गया. हादसे के बाद पूरे भंगलवाण और आसपास के गांवों में शोक का माहौल है. एक साथ 7 महिलाओं की मौत से हर आंख नम है.
इसे भी पढ़ें:-जिन लोगों में होते हैं ये 5 गुण, उन्हें जीवन में कभी नहीं मिलती हार