दिल्ली में जैश के संदिग्ध आतंकी की गिरफ्तारी, सोशल मीडिया के जरिए ISI ने किया था भर्ती

Delhi: राजधानी दिल्ली में आतंकी साजिश को लेकर बड़ा खुलासा हुआ है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने जैश-ए-मोहम्मद से जुड़े होने के संदेह में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। सूत्रों के मुताबिक, संदिग्ध की सोशल मीडिया गतिविधियां लंबे समय से एजेंसियों के रडार पर थीं। उसकी ऑनलाइन एक्टिविटी, चैट और संपर्कों की जांच के बाद उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई और फिर गिरफ्तार कर लिया गया। अब पुलिस उसे कोर्ट से रिमांड पर लेकर पूछताछ करेगी।

सोशल मीडिया बना भर्ती का हथियार?

शुरुआती जांच में जो संकेत मिले हैं, वो बेहद चौंकाने वाले हैं। जांच एजेंसियों को शक है कि पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी ISI आतंकी गतिविधियों के लिए युवाओं को भर्ती करने के लिए सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म का इस्तेमाल कर रही है।बताया जा रहा है कि दिल्ली से पकड़े गए संदिग्ध को भी सोशल मीडिया के जरिए ही संपर्क कर भर्ती किया गया था। उसे धीरे-धीरे कट्टरपंथी विचारधारा की ओर धकेला गया और फिर संगठन से जोड़ा गया।

गुजरात में पकड़े गए जैश आतंकी से कनेक्शन?

अब जांच का सबसे बड़ा फोकस गुजरात कनेक्शन पर है। एजेंसियां यह पता लगा रही हैं कि क्या दिल्ली में पकड़े गए संदिग्ध का गुजरात एटीएस द्वारा 27 नवंबर को वडोदरा में गिरफ्तार किए गए जैश-ए-मोहम्मद के संदिग्ध से कोई संबंध है।गुजरात एटीएस ने वडोदरा से संदिग्ध को एक AK-47 राइफल और 23 जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया था। आशंका है कि दोनों गिरफ्तारियां एक ही बड़े नेटवर्क का हिस्सा हो सकती हैं।

इसे भी पढ़ें:-13 से 17 साल के बच्चों का X अकाउंट रहेगा कंट्रोल, पैरेंट्स रख सकेंगे एक्टिविटी पर नजर