IND vs SL: भारत ने श्रीलंका के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज का पहला मुकाबला 165 रन से जीतकर सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली है. गॉल इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले के पांचवें दिन भारतीय गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए श्रीलंका की दूसरी पारी 206 रन पर समेट दी. भारतीय क्रिकेट टीम का ये 600वां टेस्ट मैच था, जिसमें जीत मिली. इस जीत के साथ ही टीम इंडिया ने 2 मैचों की टेस्ट सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली.
372 रन के लक्ष्य के सामने लड़खड़ाई श्रीलंका की पारी
भारत ने श्रीलंका के सामने जीत के लिए 372 रन का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य रखा था. जवाब में मेजबान टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और शीर्ष क्रम के बल्लेबाज जल्दी पवेलियन लौट गए. श्रीलंका ने 47 रन तक चार विकेट गंवा दिए थे. हालांकि सोनल दिनुशा और कप्तान धनंजय डिसिल्वा ने पांचवें विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी करके भारतीय टीम की चिंता बढ़ा दी. धनंजय ने 59 रन की पारी खेली, जबकि सोनल दिनुशा ने 84 रन बनाए. दोनों के आउट होने के बाद श्रीलंकाई पारी ज्यादा देर नहीं टिक सकी. अंततः पूरी टीम 77.4 ओवर में 206 रन पर ऑलआउट हो गई.
मानव सुतार ने दूसरे टेस्ट में ही किया कमाल
भारत की जीत के सबसे बड़े नायक युवा स्पिनर मानव सुथार रहे, जिन्होंने दूसरी पारी में 6 विकेट झटके और पूरे मैच में 10 विकेट अपने नाम किए. दूसरी पारी में उनका सबसे शानदार स्पेल 76वें ओवर में देखने को मिला, जब उन्होंने लगातार तीन बल्लेबाजों को पवेलियन भेजकर मुकाबले को पूरी तरह भारत के पक्ष में कर दिया. उनकी सटीक गेंदबाजी और लगातार दबाव बनाने की क्षमता ने श्रीलंकाई बल्लेबाजों को खुलकर खेलने का मौका नहीं दिया.
इसे भी पढ़ें:_दिल्ली को मिली नई इलेक्ट्रिक बसें, महिलाओं-छात्राओं के लिए स्पेशल सेवा