New Delhi: भारतीय मौसम विभाग ने मंगलवार को देश के कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। बिहार से लेकर बंगाल व नॉर्थ ईस्ट और जम्मू-कश्मीर से लेकर केरल तक भयंकर आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के मुताबिक, 25 जून तक कुछ जगहों पर बिजली कड़कने और तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान आने की संभावना है। इसमें दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, चंडीगढ़, उत्तराखंड, आंध्र प्रदेश, छत्तीसगढ़, गंगा के मैदानी इलाकों वाला पश्चिम बंगाल, गुजरात, तमिलनाडु, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह, जम्मू-कश्मीर और लद्दाख शामिल हैं।
15 राज्यों में बारिश का अलर्ट
इनके अलावा असम, मेघालय, उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है। बिहार, अरुणाचल प्रदेश, तटीय कर्नाटक, मध्य महाराष्ट्र, गोवा, ओडिशा, तेलंगाना, केरल और कई पूर्वोत्तर राज्यों में भी भारी बारिश की संभावना है।
बता दे कि 15 दिन से छत्तीसगढ़ रुका मानसून अब आगे बढ़ रहा है। जो 23 जून से 5 जुलाई के बीच इसके मध्य प्रदेश, उत्तर प्रदेश, गुजरात, लद्दाख, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और राजस्थान तक पहुंचने का अनुमान है।
दिल्ली में बदलेगा मौसम तपिश से मिलेगी राहत
दिल्ली में जून का महीना आमतौर पर सबसे गर्म महीनों में से एक होता है, जिसमें तापमान अक्सर 40 डिग्री का आंकड़ा पार कर जाता है। अब मौसम विभाग का अनुमान है कि आंधी-तूफान और तेज हवाओं से दिल्ली को तपिश से थोड़ी राहत मिल सकती है। बदलते मौसम की उम्मीद के बीच अभी दिल्ली की हवा खराब श्रेणी में बनी हुई है। उधर लगभग दो सप्ताह की सुस्ती के बाद महाराष्ट्र में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने फिर से जोर पकड़ लिया है। मुंबई में बादलों ने अपना जोर दिखाना शुरू कर दिया है।