दुनिया की सबसे खूबसूरत जगहें, जहां जाना हो सकता है जानलेवा

Adventure: दुनिया काफी खूबसूरत नजारों से भरी हुई है. लेकिन कुछ जगहें इतनी खतरनाक हैं कि इंसान का बचना लगभग नामुमकिन हो जाता है. इंसान जहां घूमने-फिरने या एडवेंचर की तलाश में निकलता है, वहीं धरती पर कई कोने ऐसे भी हैं, जिनका नाम सुनते ही रूह कांप उठती है. ये जगहें न सिर्फ रहस्यमयी हैं, बल्कि इतनी खतरनाक हैं कि वहां पहुंचना यानी अपनी जिंदगी को जोखिम में डालना है. कभी प्राकृतिक आपदाएं (Natural Disasters) , तो कभी खतरनाक जंगली जानवर, कहीं जहरीली गैसें, तो कहीं अत्यधिक ठंड और गर्मी, ये सब कारण इन जगहों को इंसान के लिए नर्क से कम नहीं बनाते.

डैथ वैली

डैथ वैली अमेरिका के कैलिफोर्निया और नेवादा के बीच फैला एक ऐसा रेगिस्तानी इलाका है जिसे दुनिया की सबसे गर्म जगह माना जाता है. यहां गर्मियों में तापमान इतना बढ़ जाता है कि इंसान का जिंदा रह पाना मुश्किल हो जाता है. रिकॉर्ड के अनुसार, यहां का तापमान 56.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है, जो धरती पर दर्ज सबसे ज्यादा तापमानों में से एक है.

अमेज़न रेनफॉरेस्ट

अमेज़न रेनफॉरेस्ट को दुनिया का “फेफड़ा” कहा जाता है क्योंकि यह पूरी धरती का 20% ऑक्सीजन पैदा करता है. लेकिन बाहर से दिखने वाला यह खूबसूरत जंगल उतना ही खतरनाक भी है. यहां 39 लाख वर्ग किलोमीटर में फैले घने जंगल, अनजानी नदियाँ और हजारों तरह के खतरनाक जीव-जंतु पाए जाते हैं. अमेज़न में लगभग 25 लाख कीट प्रजातियां, सैकड़ों ज़हरीले सांप, मेंढक, और घातक मछलियां मौजूद हैं. यहां सबसे बड़ा खतरा सिर्फ जानवरों से नहीं बल्कि बीमारियों से भी है.

माउंट एवरेस्ट

दुनिया की सबसे ऊंची चोटी माउंट एवरेस्ट 8,848 मीटर ऊंचा है और यह हर पर्वतारोही का सपना होता है इसे फतह करना. लेकिन यह सपना किसी की जिंदगी भी ले लेता है. एवरेस्ट (Mount Everest) पर चढ़ाई करना दुनिया के सबसे खतरनाक कामों में गिना जाता है. यहां का ऑक्सीजन स्तर बेहद कम है, जिसे “डेथ ज़ोन” (Death Zone) कहा जाता है. कड़ाके की ठंड, बर्फ़ीले तूफ़ान और ग्लेशियर किसी भी समय जान ले सकते हैं.

डैनाकिल डिप्रेशन

इथियोपिया (Ethiopia) का डैनाकिल डिप्रेशन धरती की सबसे विचित्र और खतरनाक जगहों में से एक है. यह इलाका ज्वालामुखी, सल्फर झीलों और तेज़ एसिडिक पानी से भरा हुआ है. यहां का तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है और हवा में जहरीली गैसें घुली रहती हैं. डैनाकिल में घूमना ऐसा है जैसे इंसान किसी दूसरे ग्रह पर चला गया हो. यहां के रंग-बिरंगे लेकिन जहरीले तालाब, एसिडिक धारा और लगातार उठता धुआं इसे इंसान के लिए मौत का गढ़ बना देता है.

बेरमुडा ट्रायंगल

बेरमुडा ट्रायंगल का नाम सुनते ही रहस्य और डर दोनों का ख्याल आता है. यह क्षेत्र अटलांटिक महासागर में मियामी, प्यूर्टो रिको और बेरमुडा के बीच स्थित है. सदियों से यहां कई जहाज और हवाई जहाज रहस्यमयी तरीके से गायब हो चुके हैं. वैज्ञानिकों के पास इसकी कई थ्योरी हैं, कोई कहता है यहां चुंबकीय शक्ति (Magnetic Powers) है, कोई कहता है यह समुद्र के नीचे गैस का प्रभाव है, और कुछ इसे परालौकिक शक्तियों से जोड़ते हैं. सच्चाई चाहे जो हो, लेकिन अब तक सैकड़ों मौतें और गायब होने की घटनाएं दर्ज हो चुकी हैं.

इल्हा दा क्वेमाडा द्वीप  

ब्राजील (Brazil) का इल्हा दा क्वेमाडा द्वीप  जिसे स्नेक आइलैंड (Snake Island) के नाम से. ही जाना जाता है, वह दुनिया की सबसे डरावनी जगहों में गिना जाता है. यहां इंसानों का प्रवेश लगभग प्रतिबंधित है क्योंकि इस छोटे से द्वीप पर लाखों जहरीले सांप रहते हैं. यहां का सबसे खतरनाक जीव है “गोल्डन लांसहेड वाइपर”(“Golden Lancehead Viper”), जिसका ज़हर इंसान के मांस को तुरंत सड़ा देता है. 

अंटार्कटिका

अंटार्कटिका (Antarctica) भले ही सफेद बर्फ़ से ढका सुंदर महाद्वीप हो, लेकिन यह इंसानों के लिए सबसे कठिन और खतरनाक जगहों में से एक है. यहां का तापमान -89 डिग्री सेल्सियस तक दर्ज किया गया है, जो धरती का सबसे कम तापमान है. यहां कोई स्थायी बस्ती नहीं है, सिर्फ वैज्ञानिक शोध केंद्र ही मौजूद हैं. तेज़ हवाएं, बर्फ़ीले तूफ़ान और लगातार अंधेरा इंसान को मानसिक और शारीरिक रूप से तोड़ देता है. 

सहारा रेगिस्तान

सहारा रेगिस्तान (The Sahara Desert) दुनिया का सबसे बड़ा गर्म मरुस्थल है, जो लगभग 92 लाख वर्ग किलोमीटर में फैला है. यहां दिन में तापमान 50 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है और रात में अचानक शून्य से नीचे गिर जाता है. पानी और छांव की कमी इसे इंसानों के लिए जानलेवा बनाती है. यहां रास्ता भटक जाना मौत को न्योता देने जैसा है. हर साल कई पर्यटक और खानाबदोश लोग प्यास और गर्मी से मर जाते हैं.

इसे भी पढ़ें:-गुजरात में बन रहा 30 गीगावाट का रिन्यूएबल एनर्जी पार्क,18 मिलियन घरों को मिलेगी बिजली

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *