मासूम का नाले में मिला शव, मां की हालत गंभीर

गाजीपुर। जंगीपुर थाना क्षेत्र के विशुनपुर (पिपरही) गांव में स्थित ईंट भट्ठा के बगल में स्थित संदिग्ध परिस्थितियों में नाला में एक मासूम का शव मिला, जबकि वहीं पर उसकी मां बेहोशी की हालत में मिली। मां को उपचार के लिए वाराणसी ले जाया गया। शव को कब्जे में लेकर पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई। जानकारी के मुताबिक चंदौली जिला के कछवा निवासी सविता(35) की शादी पिंटू बनवासी के साथ हुई थी। पिंटू जंगीपुर क्षेत्र के विशुनपुर (पिपरही) गांव में स्थित ईंट भट्ठा पर ईंट पाथने का काम करता है और परिवार के साथ वहीं पर रहता है। उसका एक माह का लड़का भी था। मंगलवार की सुबह भट्ठा के पास स्थित नाला में लोगों ने मासूम का शव देखा, जबकि वही पर उसकी मां सविता बेहोशी की हालत में पड़ी थी। वहीं पर एक गिरी हुई साइकि‍ल भी मिली। जानकारी होते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ एकत्र हो गई। ग्राम प्रधान राजेश यादव भी वहां पहुंच गए। उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस मौके पर पहुंच गई। इस संबंध में थानाध्यक्ष यजुवेंद्र सिंह ने बताया कि बच्चे के शव को कब्जे में ले लिया है। उसकी मां को उपचार के लिए जिला अस्पताल लाया गया। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उसे वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। पूछताछ में पता चला है कि रात में पिंटू अपनी पत्नी को साइकि‍ल से दवा लाने के लिए गया था। वह शराब का आदी था। शायद वापस आते समय नशे की हालत में नाला के पास पत्नी-बच्चे सहित साइिकल से गिर गया होगा और बच्चा नाला में चला गया होगा। इससे भयवश पिंटू साइकि‍ल छोड़कर मौके से फरार हो गया होगा। मामले की छानबीन करते हुए फरार पिंटू की तलाश की जा रही है। उसकी गिरफ्तारी के बाद घटना का कारण स्पष्ट हो जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *