Amritsar: भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तैनात सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने देर रात दो पाकिस्तानी तस्करों को ढेर कर दिया है। घुसपैठियों सीमा पार से भारत में अवैध रूप से दाखिल होने की कोशिश कर रहे थे। इनके पास से अभी क्या रिकवरी हुई है, इसकी जानकारी अभी सीनियर अधिकारियों की तरफ से साझा नहीं की गई है।
मिली जानकारी के अनुसार बीती रात करीब 12.30 बजे सरहद पर पहरा दे रहे जवानों को तकरीबन 3 संदिग्ध पाकिस्तानी भारतीय सीमा की ओर धीरे-धीरे आगे बढ़ते हुए दिखाई दिए। सुरक्षा के मद्देनजर मौजूदा जवानों ने थर्मल इमेजिंग और दूरबीनों से संदिग्धों की गतिविधी को ट्रैक किया। लेकिन वे भारतीय सीमा में आ चुके थे।
मौजूदा जवानों ने संदिग्धों की लोकेशन कंफर्म कर उन्हें वापस लौटने की चेतावनी दी। लेकिन घुसपैठियों ने वापस लौटने की जगह छिपने का प्रयास किया। बार-बार चेतावनी के बाद बीएसएफ के जवानों को सुरक्षा को देखते हुए फायरिंग करनी पड़ी। फायरिंग के दौरान दो घुसपैठियों को मार गिराने में सफलता मिली है।
घटना में मारे गए दोनों लोगों की पहचान और उनके भारतीय सीमा में दाखिल होने के मकसद को लेकर जानकारी सामने नहीं आई है. सुरक्षा एजेंसियों ने सीमावर्ती क्षेत्रों में अलर्ट जारी कर दिया है। यह घटना सीमा पार से होने वाली आतंकी गतिविधियों पर लगाम लगाने की बीएसएफ की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। फिलहाल सुरक्षा एजेंसियां मामले की जांच कर रही हैं.
इसे भी पढ़ें:-शनिवार को कर लें ये 10 आसान काम, बन जाएंगे सारे बिगड़े काम