मुख्यमंत्री योगी लेंगे मंत्रिमंडल विस्तार का निर्णय: राधामोहन सिंह

लखनऊ। भाजपा के प्रदेश प्रभारी एवं राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राधामोहन सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार के मंत्रिमंडल में हालांकि ज्यादा पद खाली नहीं है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मंत्रिमंडल में खाली पदों पर नियुक्ति के लिए उचित समय पर निर्णय लेंगे। प्रदेश में सरकार व संगठन में सियासी फेरबदल की अटकलों के बीच राधामोहन सिंह ने रविवार को राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, विधानसभा अध्यक्ष हृदय नारायण दीक्षित और नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन गोपाल से मुलाकात की। हालांकि राधामोहन सिंह ने राज्यपाल और विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात को शिष्टाचार भेंट बताया। लेकिन राजनीतिक हल्कों में इस मुलाकात के अपने-अपने नजरिये से मायने लगाए जा रहे हैं। राज्यपाल से मुलाकात से पहले नगर विकास मंत्री आशुतोष टंडन के सरकारी आवास पर पत्रकारों से बातचीत में सत्ता व संगठन में फेरबदल के सवाल पर राधामोहन सिंह ने कहा कि कुछ लोग अपने दिमाग में खेती करते हैं, फिर अपनी फसल उपजाते हैं। उन्होंने कहा कि सरकार और संगठन अच्छा काम कर रहे हैं। कोरोना प्रबंधन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जो करामत दिखाई है देश में उसका लोहा माना जा रहा है। राधामोहन सिंह ने कहा कि पंचायत चुनाव में भाजपा को सफलता मिली है। उन्होंने कहा कि पहले पंचायत चुनाव में एक ही दल का आधिपत्य था। तीन में से दो हजार तक सदस्य उसी दल से जीतकर आते है। लेकिन इस बार वह दल छह सौ सीट पर सिमट गया है। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में भाजपा के कार्यकर्ता निर्दलीय भी चुनाव जीतकर आए हैं। उन्होंने कहा कि जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव होने के बाद नतीजा साफ हो जाएगा। कार्यकर्ताओं में असंतोष के सवाल पर राधामोहन सिंह ने कहा कि पहली बार प्रदेश में निगम, आयोगों, बोर्ड, निकायों और समितियों में 17 हजार कार्यकर्ताओं का मनोननय किया गया है। उन्होंने कहा कि अब भी जहां जो पद खाली है, वहां पर संगठन की ओर से प्रस्ताव भेजने के बाद सरकार नियुक्ति करेगी। राधामोहन सिंह ने कहा कि प्रदेश प्रभारी नियुक्त होने केबाद उन्होंने राज्यपाल और विधानसभा अध्यक्ष से मुलाकात नहीं की थी। दोनों से शिष्टाचार भेंट की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *